
These Countries Ban In America: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक नया आदेश जारी किया है। उन्होंने एक नई घोषणा (प्रोक्लेमेशन) पर हस्ताक्षर करते हुए अफगानिस्तान-ईरान समेत 12देशों के नागरिकों के अमेरिका में एंट्री पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। जबकि 07अन्य देशों के नागरिकों पर आंशिक प्रतिबंध लगाए गए हैं। यह फैसला राष्ट्रीय सुरक्षा और आतंकवाद के खतरों से निपटने के लिए लिया गया है। बावजूद इसके इस फैसले ने वैश्विक स्तर पर विवाद को जन्म दे दिया है।
इन देशों के नागरिकों के लिए बैन हुई एंट्री
डोनाल्ड ट्रंप के फैसले के तहत 12देशों के नागरिकों को अमेरिका में प्रवेश करने से पूरी तरह रोक दिया गया है। इन देशों में अफगानिस्तान, म्यांमार (बर्मा), चाड, कांगो गणराज्य, इक्वेटोरियल गिनी, इरिट्रिया, हैती, ईरान, लीबिया, सोमालिया, सूडान और यमन शामिल हैं। इन देशों को व्हाइट हाउस ने उच्च जोखिम वाला माना है। क्योंकि इनके पासपोर्ट जारी करने की प्रक्रिया, स्क्रीनिंग और वेटिंग प्रक्रियाएं अपर्याप्त हैं या ये देश अमेरिका के साथ अप्रवासी नीतियों में सहयोग नहीं करते।
इसके अलावा सात अन्य देशों बुरुंडी, क्यूबा, लाओस, सिएरा लियोन, टोगो, तुर्कमेनिस्तान और वेनेजुएला के नागरिकों पर आंशिक प्रतिबंध लगाए गए हैं। इन देशों के लिए आप्रवासी और गैर-आप्रवासी वीजा (जैसे B-1, B-2, F, M, J) पर रोक है। लेकिन कुछ अपवादों के साथ, जैसे - पहले से मौजूद वीजा धारकों और कुछ विशेष वीजा श्रेणियों के लिए। बता दें, यह प्रतिबंध 9जून 2025को सुबह 12:01बजे (EDT) से प्रभावी होगा।
क्यों लगाया गया यात्रा प्रतिबंध?
ट्रंप प्रशासन ने इस प्रतिबंध को राष्ट्रीय सुरक्षा और आतंकवाद के खतरों से जोड़ा है। व्हाइट हाउस के अनुसार, ये देश या तो आतंकवाद को प्रायोजित करते हैं (जैसे ईरान), या उनकी स्क्रीनिंग प्रक्रियाएं अपर्याप्त हैं, या वे अमेरिका के साथ अप्रवासियों को वापस लेने में सहयोग नहीं करते। ट्रंप ने इस प्रतिबंध को कोलोराडो के बोल्डर में हाल ही में हुए एक हमले से भी जोड़ा। जिसमें एक व्यक्ति ने इजरायली बंधकों के समर्थन में मार्च कर रहे 12 प्रदर्शनकारियों को घायल कर दिया था।
Leave a comment