
Biological Germ Smuggling In America: अमेरिका से एक गंभीर राष्ट्रीय सुरक्षा चिंता सामने आई है। जहां दो चीनी नागरिकों पर खतरनाक जैविक रोगाणु 'फ्यूसैरियम ग्रैमिनियरम' (Fusarium graminearum) की तस्करी का आरोप लगा है। इस मामले में अमेरिकी संघीय जांच ब्यूरो (FBI) और सीमा शुल्क और सीमा सुरक्षा (CBP) ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। इस रोगाणु को वैज्ञानिक भाषा में 'संभावित कृषि आतंकवाद हथियार' के रूप में वर्गीकृत किया गया है। ये रोगाणु फसलों को नुकसान पहुंचाने और मानव व पशुओं के लिए स्वास्थ्य जोखिम पैदा करने की क्षमता रखता है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, अमेरिकी संघीय जांच ब्यूरो (FBI) ने बीते दिन एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया है कि उन्होंने खतरनाक जैविक रोगाणु फ्यूसैरियम ग्रैमिनियरम की तस्करी के आरोप में दो चीनी नागरिकों युनकिंग जियान (33) और जुनयोंग लियू (34), को हिरासत में लिया है। ये दोनों इस खतरनाक रोगाणु को डेट्रॉयट मेट्रोपॉलिटन हवाई अड्डे के माध्यम से अमेरिका लेकर आए हैं।
FBI ने बताया है कि युनकिंग जियान मिशिगन विश्वविद्यालय में आणविक, सेलुलर और विकासात्मक जीव विज्ञान में शोधकर्ता हैं। वहीं, जुनयोंग लियू चीन के एक विश्वविद्यालय में उसी रोगाणु पर शोध कर रही हैं। FBI के अनुसार, लियू इस रोगाणु को जुलाई 2024में अमेरिका आने के दौरान अपने सामान में छिपाकर रखा था।
इसके बाद सीमा शुल्क अधिकारियों ने लियू के सामान की जांच की। उस दौरान एक नोट, एक गोल फ़िल्टर पेपर और लाल रंग के पौधों के सामग्री से भरे चार बैग बरामद किए। शुरूआती जांच में लियू ने दावा किया कि ये सामान उसका नहीं है। लेकिन बाद में उन्होंने स्वीकार किया कि यह फ्यूसैरियम ग्रैमिनियरम के विभिन्न स्ट्रेन थे। जिन्हें वह मिशिगन विश्वविद्यालय की प्रयोगशाला में शोध के लिए लाए थे।
क्या है फ्यूसैरियम ग्रैमिनियरम रोगाणु?
बता दें, फ्यूसैरियम ग्रैमिनियरम एक कवक है, जो गेहूं, जौ, मक्का और चावल जैसी फसलों में 'हेड ब्लाइट' रोग का कारण बनता है। यह न केवल वैश्विक स्तर पर अरबों डॉलर के आर्थिक नुकसान का कारण है, बल्कि इसके द्वारा उत्पादित विषाक्त पदार्थ (टॉक्सिन्स) मानव और पशुओं में कई तरह की स्वास्थ्य समस्याएं पैदा कर सकते हैं।
राष्ट्रीय सुरक्षा पर चिंता
FBI निदेशक काश पटेल ने इस घटना को "राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए सीधा खतरा" करार दिया। उन्होंने इसे एक संभावित कृषि आतंकवाद हथियार के रूप में चिह्नित किया है। जो अमेरिका की खाद्य सुरक्षा और सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा करता है। FBI ने दोनों पर साजिश, अमेरिका में सामान की तस्करी, झूठे बयान देने और वीजा धोखाधड़ी के आरोप लगाए गए हैं।
Leave a comment