श्रीलंका पुलिस ने 60 भारतीय नागरिकों को किया गिरफ्तार, जानें क्या है वजह?

श्रीलंका पुलिस ने 60 भारतीय नागरिकों को किया गिरफ्तार, जानें क्या है वजह?

60Indians Arrested In Sri Lanka: श्रीलंका के आपराधिक जांच विभाग ने एक ऑनलाइन वित्तीय घोटाले में शामिल समूह से जुड़े कम से कम 60 भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी है। पुलिस ने कहा कि इन लोगों को गुरुवार को कोलंबो के उपनगरों मदीवेला और बट्टारामुल्ला और पश्चिमी तटीय शहर नेगोंबो से गिरफ्तार किया गया। पुलिस प्रवक्ता एसएसपी (वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक) निहाल थल्दुवा ने कहा कि आपराधिक जांच विभाग (CID) ने इन इलाकों में एक साथ छापेमारी की और इस दौरान 135 मोबाइल फोन और 57 लैपटॉप जब्त किए गए।

पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत

'डेली मिरर लंका' अखबार ने बताया कि यह कार्रवाई एक पीड़ित की शिकायत के आधार पर की गई थी, जिसने आरोप लगाया था कि उसे सोशल मीडिया पर संवाद करने के लिए नकदी के वादे के साथ एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया था। उन्होंने कहा कि जांच में एक साजिश का खुलासा हुआ जिसके जरिए पीड़ितों को शुरुआती भुगतान के बाद पैसे जमा करने के लिए मजबूर किया गया।

दुबई और अफगानिस्तान से जुड़े हैं तार

अखबार के मुताबिक पेराडेनिया में एक शख्स और उसके बेटे ने धोखेबाजों की मदद करने की बात स्वीकार की है। उन्होंने कहा कि नेगोम्बो में एक आलीशान घर पर छापेमारी के दौरान मिले महत्वपूर्ण सबूतों के आधार पर शुरुआत में 13 संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया और 57 फोन और कंप्यूटर जब्त किए गए। नेगोंबो में एक बाद के ऑपरेशन में 19 और लोगों की गिरफ्तारी हुई, जिससे गिरोह के दुबई और अफगानिस्तान से अंतरराष्ट्रीय संबंधों का खुलासा हुआ। रिपोर्ट में कहा गया है कि पीड़ितों में स्थानीय और विदेशी दोनों शामिल हैं। ऐसा संदेह है कि आरोपी वित्तीय धोखाधड़ी, अवैध सट्टेबाजी और जुए से संबंधित विभिन्न गतिविधियों में शामिल थे।

 

Leave a comment