Honey Singh Summoned:रैपर और सिंगर यो यो हनी सिंह एक बार फिर विवादों में हैं। जनवरी 2026 में दिल्ली में हुए एक लाइव कॉन्सर्ट के दौरान कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में वह 16 अक्टूबर को महाराष्ट्र साइबर सेल के कार्यालय पहुंचे। अधिकारियों ने उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया था। इससे पहले उन्हें कई बार समन भेजा गया था, लेकिन वह पेश नहीं हुए थे। इस मामले में हनी सिंह ने पहले अपनी टिप्पणी के लिए सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी थी।
यह पूरा मामला दिल्ली में आयोजित एक कॉन्सर्ट का है, जहां हनी सिंह ने कार में यौन संबंध बनाने का जिक्र करते हुए टिप्पणी की थी और साथ ही कंडोम इस्तेमाल करने की बात कही थी। कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उनकी भाषा को लेकर विवाद शुरू हो गया। कई लोगों ने उनकी टिप्पणी पर आपत्ति जताई। इसके बाद महाराष्ट्र साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई गई और मामले की जांच शुरू हुई।
हनी सिंह ने सफाई देते हुए मांगी थी माफी
विवाद बढ़ने के बाद हनी सिंह ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपनी सफाई दी थी। उन्होंने कहा था कि उनका इरादा किसी को आहत या अपमानित करने का नहीं था। उनके मुताबिक, उन्होंने युवाओं में असुरक्षित यौन संबंधों से फैलने वाले संक्रमणों को लेकर जागरूकता के उद्देश्य से अपनी बात रखी थी, लेकिन उसे व्यक्त करने का उनका तरीका अनुचित था। उन्होंने इसके लिए माफी भी मांगी थी।
तीन बार समन के बाद साइबर सेल पहुंचे सिंगर
महाराष्ट्र साइबर सेल ने हनी सिंह को पहले भी पूछताछ के लिए बुलाया था। रिपोर्टों के मुताबिक, वह विदेश में होने का हवाला देकर पेशी के लिए अतिरिक्त समय मांग रहे थे। उन्हें 16 अक्टूबर को फिर से उपस्थित होने का निर्देश दिया गया था। उन्होंने 22 अक्टूबर तक का समय मांगा, लेकिन अधिकारियों ने उनकी मांग स्वीकार नहीं की। इसके बाद वह अपने वकीलों के साथ साइबर सेल के कार्यालय पहुंचे। मामले में जांच एजेंसी उनकी टिप्पणी और शिकायत से जुड़े तथ्यों पर उनका बयान दर्ज करना चाहती है।
Also read: दिल्ली के कनॉट प्लेस में कल फिर होगा CJP का प्रदर्शन? हाईकोर्ट पहुंचा मामला, पुलिस ने दिया आश्वासन