Duleep Trophy: 15 साल के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी ने अपने पहले दलीप ट्रॉफी मुकाबले में बल्ले से भले ही निराश किया हो, लेकिन गेंद से उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। बेंगलुरु में ईस्ट जोन और नॉर्थ ईस्ट जोन के बीच खेले गए मुकाबले में ईस्ट जोन ने पारी और 210 रन से बड़ी जीत दर्ज की। इस मैच में वैभव ने बाएं हाथ से ऑफ स्पिन गेंदबाजी करते हुए तीन ओवर में 11 रन देकर दो विकेट लिए। ईस्ट जोन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 467 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से सुदीप घरामी ने 146 रन और शाहबाज अहमद ने 167 रन की शानदार पारियां खेलीं। इसके जवाब में नॉर्थ ईस्ट जोन की टीम पहली पारी में सिर्फ 111 रन पर ऑलआउट हो गई। इसके बाद ईस्ट जोन के कप्तान और भारतीय विकेटकीपर ईशान किशन ने फॉलोऑन देने का फैसला किया।
ईशान किशन ने वैभव को थमाई गेंद
दूसरी पारी में नॉर्थ ईस्ट जोन की टीम 63 रन पर पांच विकेट गंवा चुकी थी। इसी दौरान ईशान किशन ने वैभव सूर्यवंशी को गेंदबाजी का मौका दिया। वैभव ने इस मौके को पूरी तरह भुनाया और कुछ ही गेंदों में दो विकेट अपने नाम कर लिए। उन्होंने पहले किशन लिंगदोह को मिड-विकेट की तरफ गलत शॉट खेलने पर आउट कराया। इसके सिर्फ तीन गेंद बाद वैभव ने इमलीवाटी लेमटूर का किनारा लगवाया, जिसे विकेटकीपर ने पकड़ लिया।
बोले- ‘मैं विकेट लेने वाला हूं’
बीसीसीआई डोमेस्टिक की ओर से शेयर किए गए वीडियो में वैभव ने अपनी गेंदबाजी को लेकर मजेदार अंदाज में बात की। उन्होंने कहा कि जब बल्लेबाज से पूछा जाए तो उसे गेंदबाजी करना पसंद होता है और गेंदबाज से पूछा जाए तो उसे बल्लेबाजी करना पसंद होता है। वैभव ने बताया कि नॉर्थ ईस्ट जोन लगातार विकेट नहीं गंवा रहा था, इसलिए उन्हें 2-3 ओवर गेंदबाजी करने के लिए कहा गया। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि ईशान भैया को लगा था कि उन्हें गेंद देना जोखिम भरा है, लेकिन उन्हें नहीं पता था कि वह विकेट लेने वाले खिलाड़ी हैं।
एक ही जगह गेंद डालने की कोशिश
वैभव ने कहा कि उन्हें पहले से पता था कि चाहे वह पांच विकेट ही क्यों न ले लें, उन्हें ज्यादा से ज्यादा तीन ओवर ही गेंदबाजी करने का मौका मिलेगा। इसलिए उन्होंने हर गेंद को अच्छी तरह डालने की कोशिश की और लगातार एक ही जगह गेंद रखने पर ध्यान दिया। उन्होंने कहा कि गेंद से टीम के लिए योगदान देना उन्हें काफी अच्छा लगा।
अब सेमीफाइनल पर नजर
ईस्ट जोन अब दलीप ट्रॉफी 2026 के पहले सेमीफाइनल में 30 अगस्त को सेंट्रल जोन से भिड़ेगा। वैभव की कोशिश इस मुकाबले में बल्ले से बड़ी पारी खेलने की होगी। अगर ईस्ट जोन फाइनल में पहुंचता है तो वैभव 6 सितंबर से होने वाले फाइनल में भी खेल सकते हैं। इसके बाद भारत को अफगानिस्तान के खिलाफ 13, 15 और 17 सितंबर को तीन टी20 मैच खेलने हैं। भारतीय टीम के ऐलान का इंतजार है। इसके बाद वैभव एशियन गेम्स 2026 के लिए जापान जाएंगे। भारत को पुरुष क्रिकेट में सीधे क्वार्टरफाइनल में जगह मिली है और टीम 28 सितंबर को अपना पहला मुकाबला खेलेगी।
Also read: रोनाल्डो का जलवा बरकरार! 41 की उम्र में दागा 978वां गोल, Al Nassr ने दर्ज की धमाकेदार जीत