
Sharda University Student Suicide: ग्रेटर नोएडा की शारदा यूनिवर्सिटी में बीडीएस छात्रा ज्योति ने 18जुलाई 2025की रात मंडेला गर्ल्स हॉस्टल की 12वीं मंजिल पर अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुसाइड नोट में उसने दो प्रोफेसरों और यूनिवर्सिटी प्रबंधन पर मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया, जिसने उसे लंबे समय तक तोड़ा। हॉस्टल के छात्रों की सूचना पर प्रशासन ने पुलिस को बुलाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और दो स्टाफ को हिरासत में लिया। यह घटना ओडिशा के फकीर मोहन कॉलेज की त्रासदी की याद दिलाती है, जहां एक छात्रा ने यौन उत्पीड़न और प्रशासन की लापरवाही के कारण आत्मदाह किया था। दोनों घटनाएं शैक्षिक संस्थानों में सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही को दर्शाती हैं, जिससे शिक्षकों की भूमिका पर सवाल उठते हैं।
छात्रों का आक्रोश और हॉस्टल में हंगामा
ग्रेटर नोएडा के एक निजी विश्वविद्यालय के गर्ल्स हॉस्टल में बीडीएस द्वितीय वर्ष की छात्रा ज्योति की आत्महत्या के बाद देर रात तक तनाव का माहौल रहा। छात्रों ने हॉस्टल परिसर में जमकर हंगामा किया और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। छात्रों का आरोप है कि ज्योति पर फर्जी हस्ताक्षर करने का इल्जाम लगाया गया था, जिसके कारण वह गहरे तनाव में थी। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच हल्की झड़प भी हुई, लेकिन वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को संभालते हुए छात्रों को समझा-बुझाकर मामला शांत किया।
पुलिस कार्रवाई और विश्वविद्यालय स्टाफ पर केस
एडीसीपी ग्रेटर नोएडा सुधीर कुमार ने बताया कि थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में स्थित विश्वविद्यालय के हॉस्टल में छात्रा ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का मुआयना किया। छात्रा के परिजनों की शिकायत के आधार पर विश्वविद्यालय के दो कर्मचारियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है, जिन्हें हिरासत में ले लिया गया है। परिजनों और छात्रों में शारदा विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रति गुस्सा देखा गया, जिसे पुलिस ने बातचीत के जरिए शांत किया।
Leave a comment