
Nikki Murder Case: ग्रेटर नोएडा में निक्की हत्याकांड ने पूरे देश में सनसनी मचा दी है। इस जघन्य अपराध में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले मृतका निक्की के पति विपिन भाटी को गिरफ्तार किया और अब उसकी सास दयावती को भी गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, यह मामला दहेज हत्या से जुड़ा है, जिसमें निक्की को कथित तौर पर जिंदा जलाकर मार डाला।
क्या है पूरा मामला?
बता दें, 23अगस्त की रात को ग्रेटर नोएडा के कासना थाना क्षेत्र के सिरसा गांव में यह दिल दहला देने वाली घटना हुई। जहां एक परिवार ने अपनी बहू निक्की को जिंदा जला दिया। जानकारी के अनुसार, निक्की एक मेकओवर आर्टिस्ट और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर थीं। उसको उसके पति विपिन भाटी और ससुराल वालों ने कथित रूप से 35लाख रुपये की दहेज मांग पूरी न होने पर जिंदा जला दिया। घटना के बाद निक्की को पहले फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि निक्की की बहन कंचन जिसकी शादी विपिन के भाई के साथ हुई थी, उसने इस पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में विपिन को निक्की के साथ मारपीट करते और उसे आग लगाते हुए देखा जा सकता है। इस मामले में निक्की के छह साल के बेटे ने पुलिस को बताया कि उसके पिता ने उसकी मां पर पेट्रोल डाला और लाइटर से आग लगा दी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
इस घटना की सूचना मिलते ही कासना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। निक्की की बहन कंचन की तहरीर पर पति विपिन भाटी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। जिसके बाद पुलिस ने विपिन को हिरासत में लिया, लेकिन वह पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश में घायल हो गया। पुलिस के साथ मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसका इलाज हुआ और बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।
वहीं, अब पुलिस ने इस केस में निक्की के पति विपिन के बाद उसकी सास दयावती को भी गिरफ्तार कर लिया। ग्रेटर नोएडा के डीसीपी ने पुष्टि की कि इस मामले में एक और आरोपी की गिरफ्तारी हुई है। वहीं, अन्य आरोपियों, जिनमें निक्की के जेठ रोहित और ससुर सतवीर शामिल हैं, की तलाश जारी है।
Leave a comment