IPL 2026: राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। आईपीएल में उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें उन्हें ड्रेसिंग रूम के अंदर वेपिंग करते हुए देखा गया। इस मामले के सामने आने के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने उनसे जवाब तलब किया है। ये घटना 28 अप्रैल को न्यू चंडीगढ़ में पंजाब किंग्स के खिलाफ खेले गए मैच के दौरान सामने आई। मैच में राजस्थान रॉयल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 223 रनों का बड़ा लक्ष्य चार गेंद शेष रहते 6 विकेट से हासिल कर लिया था। लेकिन टीम की इस जीत के बावजूद अब चर्चा का विषय मैच नहीं, बल्कि पराग का वायरल वीडियो बन गया है।
सोशल मीडिया पर वीडियो हुआ वायरल
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर यह वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद फैंस और क्रिकेट जगत में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। आरोप है कि पराग ने ड्रेसिंग रूम में छिपकर वेपिंग की कोशिश की, लेकिन कैमरे में यह घटना रिकॉर्ड हो गई। इस विवाद के बीच एक और बात सामने आई है कि राजस्थान रॉयल्स पहले भी नियम उल्लंघन को लेकर चर्चा में रही है। हाल ही में टीम के मैनेजर रोमी भिंडर पर डगआउट में फोन इस्तेमाल करने के लिए 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था।
BCCI द्वारा की जा सकती है जांच
अब रियान पराग का मामला और गंभीर माना जा रहा है, क्योंकि आईपीएल नियमों के अनुसार ड्रेसिंग रूम और डगआउट में किसी भी तरह की स्मोकिंग या वेपिंग पूरी तरह प्रतिबंधित है। इस मामले की जांच BCCI और IPL गवर्निंग काउंसिल द्वारा की जा सकती है। भारत में भी Prohibition of Electronic Cigarettes Act (PECA) 2019 के तहत वेपिंग डिवाइस पर प्रतिबंध है। नियम तोड़ने पर 60 हजार रुपये से लेकर 5 लाख रुपये तक का जुर्माना और 6 महीने से 3 साल तक की सजा का प्रावधान है।
क्या होती है वेपिंग?
वेपिंग एक ऐसी प्रक्रिया है जिसमें इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से निकोटीन और अन्य रसायनों वाला तरल गर्म कर भाप बनाई जाती है और उसे सांस के जरिए शरीर में लिया जाता है। इस डिवाइस में बैटरी, हीटिंग सिस्टम और लिक्विड टैंक होता है। फिलहाल सभी की नजर BCCI के अगले कदम पर है कि इस मामले में रियान पराग और टीम पर क्या कार्रवाई की जाती है।
Also read: IPL 2026: विवादों में फंसे राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग, ‘धुआं उड़ाने’ की हरकत पर उठे सवाल