
UP News: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में पेट्रोल-डीजल खत्म होने की अफवाह ने अफरा-तफरी मचा दी है। प्रशासन बार-बार साफ कर रहा है कि ईंधन की कोई कमी नहीं है, लेकिन लोगों में डर इतना बढ़ गया है कि वे गाड़ियों के साथ-साथ घर के बर्तनों में भी तेल जमा करने लगे हैं। बुधवार को जिले के अलग-अलग इलाकों से सामने आए वीडियो ने हालात की गंभीरता को उजागर कर दिया। देवरिया शहर के एक पेट्रोल पंप पर एक युवक गैलन लेकर पहुंचा और लाइन में लगने के बजाय सीधे मशीन से जबरन नोजल उठाकर तेल भरने लगा। पंप मालिक ने उसे रोकने की कोशिश की तो दोनों के बीच झगड़ा और हाथापाई हो गई।
भगोने लेकर तेल लेने पहुंचे लोग
कोतवाली थाना प्रभारी राकेश राय के अनुसार, पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक मामला शांत हो चुका था। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दूसरी घटना बरहज क्षेत्र के रामजानकी मार्ग की है, जहां पेट्रोल पंप पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। यहां ट्रैक्टर, बाइक और यहां तक कि कंबाइन मशीनों की लंबी कतारें लग गईं। कुछ लोग तो ट्रैक्टर-ट्रॉली में बड़े-बड़े बर्तन और भगोने लेकर तेल भरवाने पहुंचे, जिससे स्थिति और भी अजीब हो गई।
लोगों के बीच डर का माहौल
लोगों को डर है कि आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल खत्म हो सकता है, इसलिए वे पहले से ही स्टॉक करने में जुट गए हैं। हालांकि जिला प्रशासन ने साफ किया है कि यह सब अफवाह है और प्रदेश में ईंधन की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है। प्रशासन ने पेट्रोल पंपों पर निगरानी बढ़ा दी है और लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि जबरन या अवैध तरीके से तेल भरने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि अगर लोग संयम रखें और नियमों का पालन करें, तो स्थिति जल्द सामान्य हो सकती है।
Leave a comment