UP News: उत्तर प्रदेश में खानपान को अधिक शुद्ध और प्राकृतिक बनाने के लिए योगी सरकार एक बड़ा अभियान शुरू करने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद उत्तर प्रदेश गो सेवा आयोग ने ‘जहर मुक्त भोजन’ अभियान की योजना तैयार की है। इसका उद्देश्य लोगों को प्राकृतिक खेती से तैयार सब्जियां, फल, अनाज और अन्य शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है।
गोशालाओं को मुख्य बनाया जाएगा केंद्र
इस योजना में गोशालाओं को मुख्य केंद्र बनाया जाएगा। गोशालाएं अब केवल गोवंश संरक्षण तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि किसानों से जुड़कर शुद्ध खाद्य पदार्थों की सप्लाई में भी अहम भूमिका निभाएंगी। योजना के पहले चरण में चयनित गोशालाओं के करीब 5 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले परिवारों को इस व्यवस्था से जोड़ा जाएगा।
फार्म टू कंज्यूमर
इसके तहत प्राकृतिक खेती से तैयार ताजी सब्जियां, फल और अनाज सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचाए जाएंगे। साथ ही शुद्ध दूध, घी और पंचगव्य से जुड़े उत्पाद भी इस सप्लाई चेन का हिस्सा होंगे। इसके लिए ‘फार्म टू कंज्यूमर’ यानी खेत से सीधे ग्राहक तक मॉडल अपनाया जाएगा। इससे बिचौलियों की भूमिका कम करने और उपभोक्ताओं को सीधे उत्पाद उपलब्ध कराने की कोशिश होगी।
किसानों को भी फायदा मिलने की उम्मीद
इस योजना से किसानों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है। प्राकृतिक और केमिकल-फ्री खेती करने वाले किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए केवल पारंपरिक मंडियों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। गोशालाओं के माध्यम से उन्हें एक स्थानीय और स्थायी बाजार उपलब्ध कराने की योजना है। इससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर दाम मिलने की उम्मीद जताई गई है।
क्या है सरकार का लक्ष्य?
गो सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का लक्ष्य प्रदेश के लोगों को स्वस्थ और शुद्ध भोजन उपलब्ध कराना है। इस व्यवस्था से स्थानीय स्तर पर उत्पादों की बिक्री बढ़ेगी और गांव की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल सकती है।
रोजगार के नए अवसर पैदा करने पर भी जोर
अभियान से रोजगार के नए अवसर पैदा करने पर भी जोर दिया जा रहा है। स्थानीय युवाओं को फूड प्रोसेसिंग, पैकेजिंग, लॉजिस्टिक्स और मार्केटिंग जैसे कामों से जोड़े जाने की योजना है। यानी यह अभियान सिर्फ शुद्ध भोजन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि किसानों, युवाओं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को जोड़ने वाला मॉडल भी बन सकता है
Also read: UP News: अब इलाज होगा कैशलेस...शिक्षकों और आंगनवाड़ी परिवारों के लिए 5 लाख का मुफ्त स्वास्थ्य बीमा, CM योगी का ऐलान