
UP Biggest Budget: उत्तर प्रदेश के लिए आज का दिन अहम रहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार ने अपना दसवां लगातार बजट पेश किया। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने विधानसभा में वित्त वर्ष 2026-27 का बजट रखा। इस बार बजट का आकार 9 लाख 12 हजार 696 करोड़ रुपये है, जो प्रदेश के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा बजट बताया जा रहा है। यह पिछले साल के मुकाबले करीब 12-13 प्रतिशत ज्यादा है। विधानसभा चुनाव से पहले यह सरकार के दूसरे कार्यकाल का आखिरी पूर्ण बजट है, इसलिए इसमें रोजगार, बुनियादी ढांचा, महिला सशक्तिकरण, किसानों और युवाओं पर खास ध्यान दिया गया है।
कैबिनेट बैठक में प्रस्तावों को मिली मंजूरी
बजट पेश होने से पहले सुबह कैबिनेट बैठक में प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। दोपहर 1 बजे मुख्यमंत्री प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे, जबकि 2 बजे सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव मीडिया से बात करेंगे। वित्त मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज कृषि उत्पादन में देश का अग्रणी राज्य है। गेहूं, धान, गन्ना, आलू, केला, आम, अमरूद, आंवला और मेंथा के उत्पादन में प्रदेश का बड़ा योगदान है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से लाखों किसानों को लाभ मिला है और गन्ना किसानों का रिकॉर्ड भुगतान किया गया है।
सरकार न रखा है ये लक्ष्य
उद्योग के क्षेत्र में भी यूपी आगे बढ़ रहा है। वित्त मंत्री ने कहा कि देश के कुल मोबाइल फोन उत्पादन का 65 प्रतिशत उत्तर प्रदेश में होता है। भारत की 55 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट इकाइयां भी प्रदेश में स्थित हैं। राज्य का इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात 44,744 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। सरकार ने 10 लाख युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य रखा है। अब तक 9 लाख से ज्यादा युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया और 5 लाख से ज्यादा को नौकरी दिलाई गई है। बेरोजगारी दर में 2.2 प्रतिशत की कमी आई है। लड़कियों की शादी के लिए 1 लाख रुपये की सहायता देने की भी घोषणा की गई है।
इन चीजों पर है सरकार का फोकस
वित्त मंत्री ने बताया कि प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय बढ़कर 1,09,844 रुपये हो गई है, जो 2016-17 की तुलना में दोगुने से ज्यादा है। 2025-26 में इसे 1.20 लाख रुपये तक पहुंचने का अनुमान है। सरकार का फोकस इंफ्रास्ट्रक्चर, निवेश, रोजगार, महिला सशक्तिकरण और गरीबी उन्मूलन पर रहेगा।
Leave a comment