Rajasthan Budget 2026: विकसित भारत @2047 की दिशा पर खास ध्यान, इंफ्रास्ट्रक्चर और व्यापार पर दिया गया जोर

Rajasthan Budget 2026: विकसित भारत @2047 की दिशा पर खास ध्यान, इंफ्रास्ट्रक्चर और व्यापार पर दिया गया जोर

Rajasthan Budget 2026:राजस्थान की वित्त मंत्री और उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने बुधवार को विधानसभा में राज्य सरकार का बजट पेश किया। भजन लाल सरकार के इस बजट में राज्य के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने और विकसित भारत @2047 के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने पर खास ध्यान दिया गया है। बजट पेश करते हुए दीया कुमारी ने कहा कि सरकार ने प्रधानमंत्री के “मजबूत आधारभूत संरचना” के मंत्र को अपनाते हुए यह बजट तैयार किया है।

उन्होंने बताया कि सरकार लगातार राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए काम कर रही है। इस बार के बजट में व्यापार, शिक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर को मुख्य फोकस बनाया गया है, ताकि राजस्थान आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त बन सके।

उद्योगों को नई गति

बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण और नवीनीकरण के लिए सरकार ने 500 करोड़ रुपये का विशेष प्रावधान रखा है। इसके अलावा औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए बाड़मेर, ब्यावर और भीलवाड़ा में लॉजिस्टिक पार्क बनाने का फैसला लिया गया है। इन परियोजनाओं के लिए 400 करोड़ रुपये की राशि तय की गई है। माना जा रहा है कि इससे उद्योगों को नई गति मिलेगी और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

सड़क व्यवस्था सुधारने पर ध्यान

राज्य में सड़क व्यवस्था सुधारने पर भी सरकार ने बड़ा ध्यान दिया है। अटल प्रगति पथ योजना के विस्तार की घोषणा की गई है। वहीं, क्षतिग्रस्त और नॉन-पैचेबल सड़कों की मरम्मत के लिए 10,400 करोड़ रुपये का बड़ा बजट रखा गया है। इससे राज्य भर में हजारों किलोमीटर सड़कों की मरम्मत और सुधार का काम होगा, जिससे आम लोगों और व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा।

वित्त मंत्री ने क्या कहा? 

वित्त मंत्री ने कहा कि ये सभी फैसले राजस्थान को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के बड़े लक्ष्य का हिस्सा हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट राज्य के विकास को नई दिशा देगा। 

Leave a comment