
BJP Leader Death: कोलकाता-मुंबई राजमार्ग पर शनिवार यानी 4जनवरी की रात संबलपुर जिला के बुर्ला थाना अंतर्गत कटापाली गांव के निकट घटित सड़क हादसे में भाजपा के दो जाने माने नेताओं की मृत्यु हो गई, जबकि अन्य दो गंभीर रूप से घायल हो गए।पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए बुर्ला हॉस्पिटल में भर्ती कराया है। उधर, इस हादसे के बाद मृतकों के परिवार, समर्थक और भाजपा नेताओं ने इसे साजिश बताया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यह सड़क हादसा शनिवार यानी 4जनवरी की देर रात करीब डेढ़ बजे की है। बता दें कि रेंगाली के पूर्व विधायक नाऊरी नायक के घनिष्ठ सहयोगी गौशाला भाजपा मंडल के अध्यक्ष देवेंद्र नायक, कर्डोला ग्रामपंचायत के पूर्व सरपंच मुरली छुरिया समेत अन्य दो कार्यकर्ता भुवनेश्वर गए थे।
हाइवा ने कार में मारी थी टक्कर
देवेंद्र नायक- मुरली छुरिया पूर्व विधायक नायक के आवास में रहने के बाद शनिवार की शाम कार से वापस अपने गांव लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। कोलकाता-मुंबई राजमार्ग पर स्थित स्थानीय कटापाली गांव के निकट पीछे से आती एक तेज रफ्तार हाइवा ने कार को ठोकर मार दी थी। इस हादसे में मंडल अध्यक्ष देवेंद्र नायक और पूर्व सरपंच मुरली छुरिया की जान चली गई। जबकि कार में सवार अन्य दो कार्यकर्ता घायल हो गए। इस हादसे के बाद हाइवा चालक भागकर गौशाला पुलिस चौकी पहुंचकर सरेंडर कर दिया।
मामले की जांच शुरू
इस हादसे की खबर लगते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार से मृतकों और घायलों को निकला और बुर्ला हास्पिटल में भर्ती करवाया। जहां दोनों घायलों का इलाज किया जा रहा है। भाजपा के दो जाने माने नेताओं की ऐसी मौत को लेकर उनके परिवार और समर्थकों की ओर से इसे किसी साजिश के तहत हत्या का मामला बताया जा रहा है। मामला सत्तारूढ़ पार्टी के नेताओं की मौत का होने से पुलिस भी इस घटना को लेकर गंभीर है और हादसे की तफ्तीश शुरू कर दी है।
Leave a comment