
नई दिल्ली: डोनाल्ड ट्रंप और एलन मस्क के बीच लगातार तनाव बढ़ रहा है। वहीं, मस्क ने अपनी नई पार्टी बनाने का भी ऐलान कर दिया है। इसी बीच रूस ने रूस ने एलन मस्क को राजनीतिक शरण देने का ऑफर दिया है, रूसी संसद की अंतरराष्ट्रीय मामलों की समिति के पहले उपाध्यक्ष दिमित्री नोविकोव ने कहा कि अगर मस्क चाहें, तो रूस उन्हें शरण दे सकता है, जैसा कि पहले एडवर्ड स्नोडन को दिया गया था। यह बयान मस्क और ट्रंप के बीच आर्थिक नीति विधेयक और स्पेसएक्स के सरकारी कॉन्ट्रैक्ट्स को लेकर सार्वजनिक विवाद के बाद आया है। नोविकोव ने यह भी कहा कि मस्क को शायद शरण की जरूरत नहीं, लेकिन रूस इसके लिए तैयार है।
रूस की सरकारी न्यूज एजेंसी TASS से बातचीत में दिमित्री नोविकोव ने कहा कि अगर मस्क चाहें तो रूस उन्हें शरण देने पर विचार कर सकता है। उन्होंने कहा, 'मस्क का खेल बिल्कुल अलग है, उन्हें किसी राजनीतिक शरण की जरूरत नहीं पड़ेगी, लेकिन अगर पड़ी, तो रूस निश्चित रूप से उन्हें शरण दे सकता है। उन्होंने इस बयान में एडवर्ड स्नोडन को दी गई शरण का हवाला भी दिया।
यह अमेरिका का आंतरिक मामला है- दिमित्री पेसकोव
क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने ट्रंप और मस्क विवाद पर कहा कि यह अमेरिका का आंतरिक मामला है, और हम इसमें दखल नहीं देंगे। लेकिन रूस का इतिहास कुछ और ही कहता है। बता दें कि एडवर्ड स्नोडन के अलावा, ब्रिटिश ब्लॉगर ग्राहम फिलिप्स जैसे कई पश्चिमी आलोचकों को रूस ने पहले भी पनाह दी है।
Leave a comment