Medical Hub in Greater Noida: जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास विकास को तेजी देने के लिए यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण यानी YEIDA ने कई बड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी है। ग्रेटर नोएडा में हुई प्राधिकरण की 92वीं बोर्ड बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग, परिवहन, कृषि और खेल से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट पर फैसला लिया गया। इन योजनाओं में मेडिकल हब, यूनिवर्सिटी टाउनशिप, ताइवान सिटी, फार्मास्युटिकल मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर, इंटरनेशनल स्टेडियम, इंटरस्टेट बस टर्मिनल और आधुनिक मंडी शामिल हैं। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में रोजगार और निवेश के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
500 एकड़ में बनेगा मेडिकल हब
YEIDA ने सेक्टर-13 और 14 में करीब 500 एकड़ में मेडिकल हब विकसित करने की मंजूरी दी है। इसके लिए संस्थागत जमीन का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे जेवर और आसपास के इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा। इसके अलावा सेक्टर-14 में 480 एकड़ में यूनिवर्सिटी टाउनशिप विकसित करने की योजना को भी मंजूरी मिली है। इससे उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नए संस्थान और रोजगार के अवसर पैदा हो सकते हैं।
300 एकड़ में बनेगी ताइवान सिटी
सेक्टर-6 में करीब 300 एकड़ जमीन ताइवान सिटी के लिए आरक्षित की गई है। इसका उद्देश्य ताइवान की कंपनियों और निवेशकों को इलेक्ट्रॉनिक्स, तकनीक और मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में निवेश के लिए आकर्षित करना है। इससे क्षेत्र का औद्योगिक और टेक्नोलॉजी नेटवर्क मजबूत होने की उम्मीद है। इसी सेक्टर में 100 से 125 एकड़ जमीन पर फार्मास्युटिकल मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर बनाने की योजना है। यहां दवाइयों की टैबलेट, कैप्सूल, इंजेक्शन, सिरप और दूसरी दवाओं का निर्माण किया जा सकेगा।
स्टेडियम और आधुनिक मंडी भी बनेगी
सेक्टर-34 में करीब 36 एकड़ में आधुनिक मंडी विकसित की जाएगी। इससे किसानों को अपनी फसल बेचने, स्टोर करने और व्यापार करने के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। वहीं, सेक्टर-23डी में करीब 50 एकड़ में इंटरनेशनल स्टेडियम बनाने की योजना है। यहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजन हो सकेंगे।
एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी होगी बेहतर
सेक्टर-23सी में इंटरस्टेट बस टर्मिनल के लिए जमीन तलाशने का फैसला हुआ है। इससे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को आसपास के औद्योगिक और शहरी क्षेत्रों से बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी। इसके अलावा मेडिकल डिवाइस पार्क में एक आधुनिक मेडिकल डिवाइस टेस्टिंग सेंटर बनाने का प्रस्ताव भी मंजूर किया गया है। किसानों से जमीन खरीदने की दर भी बढ़ाई गई है। गौतम बुद्ध नगर और बुलंदशहर में आपसी सहमति से जमीन लेने की दर 4,300 रुपये से बढ़ाकर 4,558 रुपये प्रति वर्ग मीटर कर दी गई है। यह करीब 6 फीसदी की बढ़ोतरी है। इन सभी योजनाओं से जेवर एयरपोर्ट क्षेत्र में उद्योग, स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन और रोजगार के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की उम्मीद है।
Also read: अयोध्या राम मंदिर दान चोरी मामला...SIT की अंतिम रिपोर्ट में चंपत राय और अनिल मिश्रा दोष मुक्त, 8 आरोपियों पर गिरी गाज