Patna students Protest: पटना में मंगलवार को शिक्षक अभ्यर्थियों और छात्रों का मार्च शुरू हो गया। बड़ी संख्या में छात्र मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए सड़क पर उतरे हैं। छात्रों ने पहले ही ऐलान किया था कि वे मार्च करते हुए मुख्यमंत्री आवास तक जाएंगे। इसी को देखते हुए पुलिस ने जेपी गोलंबर के पास सुरक्षा बढ़ा दी है और छात्रों को आगे बढ़ने से रोका जा रहा है। पुलिस ने छात्रों को डाकबंगला चौराहे की तरफ जाने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग की है। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। प्रशासन की कोशिश है कि प्रदर्शनकारी आगे न बढ़ें और स्थिति नियंत्रण में रहे।
गरीब छात्रों को परेशानी
प्रदर्शन में शामिल एक शिक्षक अभ्यर्थी ने कहा कि अचानक नए नियम लागू किए जाने से गरीब छात्रों को परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि उन्हें TRE-4 में दो चरणों में परीक्षा होने से कोई परेशानी नहीं है, लेकिन इस तरह के बदलाव TRE-5 से लागू किए जाने चाहिए। अभ्यर्थी का कहना है कि अगर आगे से परीक्षा पांच चरणों में भी होती है, तो उन्हें इससे कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन मौजूदा प्रक्रिया में बदलाव से छात्रों को दिक्कत हो रही है। पटना में अलग-अलग संगठनों और मोर्चों की ओर से मुख्यमंत्री आवास और लोक भवन तक मार्च का कार्यक्रम तय किया गया है। प्रदर्शन को देखते हुए डाकबंगला चौराहा और जेपी गोलंबर समेत कई महत्वपूर्ण जगहों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
छात्रों की कई मांगों पर बनी सहमति
एसडीपीओ टाउन-2 और लॉ एंड ऑर्डर कामाख्या नारायण सिंह ने बताया कि पुलिस ने जेपी गोलंबर और आसपास के इलाकों में बैरिकेडिंग की है। वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस की छात्रों के साथ बातचीत भी चल रही है और बातचीत सकारात्मक रही है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, छात्रों की कई मांगों पर सहमति बनी है और उन्हें उम्मीद है कि प्रदर्शन का स्वरूप अब छोटा रहेगा।
पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा
हालांकि, अगर छात्र बड़ी संख्या में आगे बढ़ने की कोशिश करते हैं तो पुलिस उन्हें रोकने की तैयारी में है। प्रशासन का कहना है कि किसी भी स्थिति में प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़कर मुख्यमंत्री आवास की ओर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। फिलहाल जेपी गोलंबर और डाकबंगला इलाके में पुलिस की मौजूदगी बढ़ी हुई है और छात्रों के मार्च पर नजर रखी जा रही है।
Also read: पटना एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला...लैंडिंग से पहले एयर इंडिया की फ्लाइट पक्षी से टकराई, 164 यात्री बाल-बाल बचे