विनोद कांबली के लिए फरिश्ता बने सुनील गावस्कर, कर दी ये घोषणा

विनोद कांबली... क्रिकेट की दुनिया का एक ऐसा खिलाड़ी जो क्रिकेट स्टेडियम में अपने स्ट्रोक्स से जाना जाता था, जिसके खेलने का अंदाज ऐसा कि दिग्गज भी उसके कायल हो जाते थे और जब उसका बल्ला चलता था स्टेडियम में मौजूद दर्शक ही नहीं बल्कि विरोधी टीम के खिलाड़ी भी उसकी प्रशंसा करते थकते नहीं थे...वक्त कब पलट जाए कुछ नहीं कहा जा सकता। कभी क्रिकेट ग्राउंड पर छाने वाले विनोद कांबली इन दिनों गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं और आर्थिक संघर्षों से जूझ रहे हैं। दिसंबर 2024 में अस्पताल में भर्ती हुए विनोद कांबली को मौजूदा वक्त में आर्थिक तंगी बुरी तरह घेरे हुए हैं लेकिन वो कहते हैं कि न कि भगवान देर-सवेर सबके लिए मदद भेज ही देते हैं तो ऐसा ही कुछ विनोद कांबली के जीवन में भी हुआ है।
विनोद कांबली के लिए इस मुश्किल घड़ी में फरिश्ता बने हैं पूर्व दिग्गज क्रिकेटर सुनील गावस्कर। दोस्ती और इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए सुनील गावस्कर, विनोद कांबली के लिए मदद का पैगाम ले आए हैं। दरअसल, मुंबई के शिवाजी पार्क में कोच रमाकांत आचरेकर की स्मृति में हुए कार्यक्रम के दौरान गावस्कर ने कांबली की मदद का वादा किया था और उन्होंने अब अपने वादे को निभा दिया है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट की मानें तो सुनील गावस्कर की की ‘चैम्प्स फाउंडेशन’ के द्वारा कांबली को हर महीने 30,000 रुपये की मदद और सालाना 30,000 रुपये की चिकित्सा सहायता प्रदान की जाएगी। ये पहल दिखा रही है कि क्रिकेट सिर्फ खेल नहीं, बल्कि रिश्तों और इंसानियत को समझने वाला खेल है। ये सिर्फ ऐसा खेल नहीं है जो ग्राउंड के अंदर खेला जाता है बल्कि ग्राउंड के बाहर भी खिलाड़ी इमोशन्स से भरपूर होते हैं।
भारत के लिए 17 टेस्ट और 104 वनडे खेलने वाले विनोद कांबली के जीवन में अब सिर्फ अस्पताल की खामोशी और आर्थिक संघर्ष ही शामिल है लेकिन गावस्कर ने दिखा दिया कि वो सिर्फ ग्राउंड नहीं बल्कि ग्राउंड के बाहर भी असल मायनों में खिलाड़ी हैं। विनोद कांबली मूत्र संक्रमण और शरीर में ऐंठन जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं और हर गुजरते दिन के साथ काफी कमजोर होते जा रहे हैं। हाल ही में विनोद कांबली की समस्या का पता तब चला जब वो उन्होंने अपने पुराने दोस्त सचिन तेंदुलकर से मुलाकात की। इस मुलाकात का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें कांबली काफी कमजोर दिख रहे थे यहां तक कि वो ठीक से चल भी नहीं पा रहे थे। इस वीडियो में कांबली काफी देर तक सचिन का हाथ थामे हुए दिखे थे।
कांबली की पत्नी एंड्रिया हेविट ने हाल ही में बताया कि उन्होंने कांबली से अलग होने का फैसला कर लिया था लेकिन कांबली की असहाय स्थिति की वजह से उन्होंने तलाक नहीं लिया। एंड्रिया बोलीं, कांबली इस वक्त एक बच्चे की तरह हैं। अगर मैं उन्हें छोड़ देती तो उनका ख्याल कौन रखता।
गावस्कर की मदद से जाहिर तौर पर विनोद कांबली को सहारा मिलेगा। बीसीसीआई की तरफ से भी कांबली को आर्थिक सहायता के रूप में पेंशन प्रदान की जाती है। बीसीसीआई भी कांबली को 30,000 रुपये प्रदान करती है। गावस्कर के मदद वाले इस वादे को पूरा करने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स भी काफी खुश हैं वो रिएक्ट कर रहे हैं। यूजर्स ने कहा कि इंसान सिर्फ क्रिकेट की पिच पर ही नहीं बल्कि दिलों की पिच पर भी रन बनाकर ही महान कहलाता है।
Leave a comment