Kolkata Storm Deaths: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता और दक्षिण बंगाल के कई जिलों में शुक्रवार दोपहर आई तेज आंधी और भारी बारिश ने भारी तबाही मचाई। खराब मौसम से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। आंधी और बारिश के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ और कई इलाकों में यातायात व्यवस्था भी बाधित रही। प्रशासन के अनुसार मौतें घर गिरने, बिजली का करंट लगने और आकाशीय बिजली गिरने जैसी घटनाओं में हुई हैं। राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
उड़ानों के संचालन पर लगी रोक
राज्य सरकार के अनुसार दक्षिण 24 परगना, उत्तर 24 परगना, हावड़ा, हुगली, पश्चिम मेदिनीपुर और पुरुलिया जिलों से जान-माल के नुकसान की खबरें मिली हैं। तेज हवाओं और बारिश ने कई क्षेत्रों में लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। कोलकाता में लगभग 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। भारी बारिश के कारण एयरपोर्ट की रनवे पर पानी भर गया, जिससे कुछ समय के लिए उड़ानों का संचालन रोकना पड़ा। कई उड़ानें प्रभावित हुईं और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
36 पेड़ जड़ से उखड़ गए
रेल सेवाओं पर भी मौसम का असर पड़ा। सियालदह दक्षिण उपनगरीय रूट के बोंगांव सेक्शन में पेड़ गिरने से ओवरहेड बिजली तारें क्षतिग्रस्त हो गईं। इसके कारण कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा और यात्रियों को देरी का सामना करना पड़ा। तेज आंधी से कोलकाता और आसपास के इलाकों में दर्जनों पेड़ उखड़ गए। कई स्थानों पर पेड़ों की शाखाएं वाहनों पर गिर गईं, जिससे संपत्ति को नुकसान पहुंचा। कोलकाता नगर निगम के अनुसार शहर और आसपास करीब 36 पेड़ जड़ से उखड़ गए हैं।
भारी बारिश का अलर्ट जारी
सॉल्ट लेक क्षेत्र में एक डिलीवरी बॉय आकाशीय बिजली की चपेट में आकर घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं कई इलाकों में जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली। स्थिति को सामान्य करने के लिए नगर निगम और राज्य आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें लगातार राहत कार्य में जुटी हैं। सड़कों से गिरे पेड़ हटाए जा रहे हैं और यातायात बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक दक्षिण बंगाल के कई जिलों में तेज आंधी, बिजली चमकने और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। साथ ही मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।
Also read: उत्तर भारत में लोगों को मिली गर्मी से राहत, कई राज्यों में आंधी और बारिश का अलर्ट