Ind vs Eng: मैनचेस्टर में चला गिल-जडेजा का जादू, भारत की दमदार पारी ने इंग्लैंड को ड्रॉ पर रोका

Ind vs Eng: मैनचेस्टर में चला गिल-जडेजा का जादू, भारत की दमदार पारी ने इंग्लैंड को ड्रॉ पर रोका

Manchester Test Match Result: मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर भारत और इंग्लैंड के बीच खेला गया चौथा टेस्ट मैच 27जुलाई को ड्रॉ पर समाप्त हुआ। एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी 2025की इस रोमांचक सीरीज में इंग्लैंड 2-1की बढ़त के साथ इस मैच में उतरा था। लेकिन भारतीय टीम ने अपनी शानदार बल्लेबाजी से इंग्लैंड को जीत से दूर कर दिया। शुभमन गिल, रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर की शतकीय पारियों ने भारत को मुश्किल स्थिति से उबारते हुए मैच को ड्रॉ करवाया, जिसे कई मायनों में भारत की जीत के समान माना जा रहा है। 

कैसा रहा इंग्लैंड-भारत का चौथा मैच?

बता दें, मैनचेस्टर टेस्ट में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। जिसके बाद भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में 358रन बनाए। रवींद्र जडेजा और शार्दुल ठाकुर ने शानदार पारी खेली। लेकिन इंग्लैंड के गेंदबाजों, खासकर बेन स्टोक्स की अगुआई में, भारत को बड़ा स्कोर बनाने से रोका। इसके जवाब में इंग्लैंड के जो रूट (150) और बेन स्टोक्स (141) की शानदार पारियों की बदौलत 669रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो ओल्ड ट्रैफर्ड में टेस्ट क्रिकेट का रिकॉर्ड है। इससे इंग्लैंड को 311रनों की बढ़त मिली।

वहीं, भारत की दूसरी पारी की शुरुआत निराशाजनक रही। पहली ही गेंद पर यशस्वी जायसवाल और साई सुदर्शन के विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई। लेकिन इसके बाद कप्तान शुभमन गिल और केएल राहुल ने पारी को संभाला। चौथे दिन के अंत तक भारत ने 2विकेट पर 174रन बनाए, जिसमें गिल 78और राहुल 87रन पर नाबाद थे। इस साझेदारी ने भारत को हार से बचाने की नींव रखी।

ड्रॉ हुआ चौथा मैच

इंग्लैंड ने 311रनों की बढ़त को भुनाने की पूरी कोशिश की, लेकिन शुभमन गिल (103), रवींद्र जडेजा (107) और वॉशिंगटन सुंदर (101) की शतकीय पारियों ने इंग्लैंड के गेंदबाजों को हताश कर दिया। केएल राहुल ने भी 90रनों की शानदार पारी खेली, जिससे भारत ने दूसरी पारी में 425रन बनाए और छह विकेट बचाकर मैच ड्रॉ करवाया।

मालूम हो कि ओल्ड ट्रैफर्ड भारत के लिए हमेशा चुनौतीपूर्ण रहा है। साल 1936से अब तक भारत ने इस मैदान पर 9टेस्ट खेले हैं, लेकिन एक भी जीत हासिल नहीं की। पांच ड्रॉ और चार हार के साथ भारत का रिकॉर्ड इस मैदान पर कमजोर रहा है। इस बार भी जीत तो नहीं मिली, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने जिस तरह हौसला दिखाया, वो काबिले तारीफ है।

भारत के पास अभी भी है मौका

पांच मैचों की इस सीरीज में इंग्लैंड 2-1 से आगे है। पहला टेस्ट हेडिंग्ले में इंग्लैंड ने 5 विकेट से जीता, जबकि दूसरे टेस्ट में भारत ने एजबेस्टन में 336 रनों की शानदार जीत दर्ज की। तीसरा टेस्ट लॉर्ड्स में इंग्लैंड ने 22 रनों से जीता। अब चौथा टेस्ट ड्रॉ होने के बाद भारत के पास 31 जुलाई से शुरू होने वाले पांचवें टेस्ट (द ओवल) में सीरीज को 2-2 से बराबर करने का मौका है।

Leave a comment