IND VS ENG: पहले दिन का खेल खत्म, भारत अभी इंग्लैंड से 83 रन पीछे, जयसवाल ने तोड़ा तेंदुलकर का रिकॉर्ड

IND VS ENG: पहले दिन का खेल खत्म, भारत अभी इंग्लैंड से 83 रन पीछे, जयसवाल ने तोड़ा तेंदुलकर का रिकॉर्ड

IND vs ENG, 5th Test, Day 1: धर्मशाला में पांचवें टेस्ट मैच का पहला दिन पूरी तरह से टीम इंडिया के नाम रहा। सीरीज पहले ही जीत चुकी टीम इंडिया ने मैच के पहले दिन इंग्लैंड को पहली पारी में महज 218 रनों पर ऑल आउट कर दिया और फिर जवाब में सिर्फ 1 विकेट खोकर 135 रन बना लिए हैं। टीम इंडिया अभी इंग्लैंड से 83 रन पीछे है।

भारतीय स्पिनर्स ने किया इंग्लैंड का बुरा हाल

इंग्लैंड की हालत खराब करने में टीम इंडिया के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव ने अहम भूमिका निभाई। कुलदीप ने सबसे ज्यादा 5 विकेट लिए, जबकि अपना 100वां टेस्ट खेल रहे रविचंद्रन अश्विन ने भी 4 विकेट लिए। इसके बाद यशस्वी जयसवाल (57) और कप्तान रोहित शर्मा (नाबाद 52) ने जोरदार अर्धशतक जड़े और टीम को अच्छी स्थिति में पहुंचाया। दूसरे दिन रोहित के साथ शुभमन गिल (नाबाद 26) पारी को आगे बढ़ाएंगे।

जयसवाल ने तेंदुलकर का ऐतिहासिक रिकॉर्ड तोड़ा

यशस्वी जयसवाल टेस्ट फॉर्मेट में भी फैन्स को टी20 क्रिकेट का रोमांच दे रहे हैं। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ इस सीरीज में अब तक 26 छक्के लगाए हैं। इसके साथ ही वह किसी एक टीम के खिलाफ टेस्ट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले ये रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था। सचिन तेंदुलकर ने अपने टेस्ट करियर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कुल 25 छक्के लगाए थे। लेकिन जयसवाल ने एक ही सीरीज में सचिन का ये रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

टेस्ट में एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय

26 छक्के - यशस्वी जायसवाल बनाम इंग्लैंड

25 छक्के - सचिन तेंदुलकर बनाम ऑस्ट्रेलिया

22 छक्के - रोहित शर्मा बनाम साउथ अफ्रीका

21 छक्के - कपिल देव बनाम इंग्लैंड

21 छक्के - ऋषभ पंत बनाम इंग्लैंड

Leave a comment