Farmers Protest: किसान संगठन द्वारा MSP की गारंटी कानून और अन्य किसानी मांगों को लेकर शंभू बॉर्डर और खनौरी बॉर्डर पर प्रदर्शन जारी है। इस बीच, शंभू बॉर्डर पर एक दुखद घटना घटी है, जब एक किसान ने सल्फास निगलकर आत्महत्या करने की कोशिश की। गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचने के बाद किसान रेशम सिंह की मौत हो गई।
रेशम सिंह को पटियाला के सरकारी राजिंदरा अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की पुष्टि किसान नेता तेजवीर सिंह पंजोखरा ने की। इस घटना ने आंदोलन में शामिल किसानों के बीच गहरी चिंता और शोक की लहर दौड़ा दी है।
6जनवरी को धरने में शामिल होने के लिए रवाना हुए थे किसान रेशम सिंह
किसान रेशम सिंह 6जनवरी को अपने गांव तरनतारन जिले के पहुविंड से शंभू बॉर्डर पर हो रहे धरने में शामिल होने के लिए रवाना हुए थे। रेशम सिंह के साथ पांच अन्य किसान भी थे। गुरुवार को धरने के दौरान सल्फास निगलने की खबर मिली, जिसके बाद उनका परिवार तत्काल पटियाला के लिए रवाना हो गया।
दिल्ली आंदोलन में भी शामिल थे रेशम सिंह
गांव के पूर्व सरपंच इंद्रवीर सिंह ने बताया कि रेशम सिंह की पत्नी दविंदर कौर और बेटा इंद्रजीत सिंह इस घटना से बहुत परेशान हैं। उन्होंने यह भी बताया कि रेशम सिंह इससे पहले भी दिल्ली के किसान आंदोलन में सक्रिय रूप से शामिल हो चुके थे।
पूर्व सरपंच के अनुसार, रेशम सिंह के सल्फास निगलने की जानकारी उन्हें सुबह करीब 9:30 बजे मिली, जिसके बाद उनका परिवार तुरंत पटियाला के लिए निकल पड़ा।
Leave a comment