
PM Modi Address After Assembly Election Results: हरियाणा और जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनावों के परिणाम आज घोषित हो गए हैं, जिसमें हरियाणा में भाजपा ने एग्जिट पोल के विपरीत बड़ी जीत हासिल की है। भाजपा की इस तीसरी बार जीत ने कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह का माहौल बना दिया है। इस ऐतिहासिक मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा कार्यालय पहुंचे और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
'हरियाणा में तीसरी बार कमल खिला, विकास और सुशासन की जीत' - PMमोदी
PMमोदी ने इस अवसर पर कहा, "हमने सुना है, जहां दूध-दही है खाना, ऐसा है हरियाणा। आज नवरात्रि का छठा दिन है, और मां कात्यायनी की आराधना का दिन है। मां कात्यायनी शेर पर विराजमान होकर हाथ में कमल धारण किए हैं, जो हमें आशीर्वाद दे रही हैं। ऐसे पावन दिन पर हरियाणा में तीसरी बार लगातार कमल खिला है। यह गीता की धरती पर सत्य, विकास और सुशासन की जीत है। हर जाति, हर वर्ग के लोगों ने हमें अपना समर्थन दिया है।"
प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि जम्मू और कश्मीर में दशकों बाद शांतिपूर्ण चुनाव हुए हैं, और यह भारत के संविधान और लोकतंत्र की जीत है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस और उनके गठबंधन को भी बधाई दी।
जम्मू-कश्मीर में भी भाजपा बनी सबसे बड़ी पार्टी
PMमोदी ने कहा,"वोट प्रतिशत के हिसाब से भाजपा जम्मू-कश्मीर में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है।" उन्होंने हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में जीत हासिल करने वाले सभी उम्मीदवारों और जनता को बधाई दी। साथ ही, भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत को भी सराहा और कहा कि हरियाणा में यह जीत कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम का नतीजा है।
हरियाणा में ऐतिहासिक जीत, भाजपा ने पुराने रिकॉर्ड तोड़े –PM मोदी
प्रधानमंत्री ने हरियाणा की जनता को संबोधित करते हुए कहा, "आज हरियाणा ने नया इतिहास रच दिया है। 1966में हरियाणा का गठन हुआ था और तब से लेकर अब तक 13चुनाव हो चुके हैं, जिनमें से 10बार सरकारें बदलीं। लेकिन इस बार हरियाणा के लोगों ने अभूतपूर्व निर्णय लिया है। यह पहली बार है, जब किसी सरकार को लगातार दो कार्यकाल पूरे करने के बाद फिर से मौका मिला है, और वह भी भाजपा को।"
उन्होंने कहा कि इस बार भाजपा को न केवल अधिक सीटें मिली हैं, बल्कि वोट शेयर भी पहले से अधिक है। "ऐसा लग रहा है जैसे हरियाणा की जनता ने झप्पर फाड़ कर वोट दिया है। इस जनादेश की गूंज दूर-दूर तक जाएगी।"
भाजपा का विकास और सुशासन का वादा
प्रधानमंत्री ने भाजपा की ताकत और सफलता के बारे में बात करते हुए कहा कि भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है, और यह लोगों के दिलों में भी बसी हुई है। उन्होंने कांग्रेस की तुलना करते हुए कहा कि भाजपा ने जहां-जहां सरकार बनाई, वहां की जनता ने बार-बार उसे समर्थन दिया है।
PMमोदी ने कहा, "गुजरात और मध्य प्रदेश में जनता ने भाजपा को दो दशक से भी अधिक समय से समर्थन दिया है, अरुणाचल प्रदेश और गोवा में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी है, और उत्तर प्रदेश, बिहार, असम, त्रिपुरा, उत्तराखंड में भी भाजपा की सरकारें लगातार दो बार से बनी हैं।"
उन्होंने कांग्रेस की स्थिति पर भी निशाना साधते हुए कहा, "कांग्रेस को हर राज्य में अपनी वापसी में कठिनाई आ रही है। कई राज्यों में तो कांग्रेस को वापस सत्ता में आने के लिए 60साल भी लगे हैं, लेकिन फिर भी वह लगातार असफल हो रही है।"
कांग्रेस की नीतियों की आलोचना
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह देश के समाज को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जातिवाद को बढ़ावा देने वाली पार्टी बन गई है। "जो लोग सोने का चम्मच लेकर पैदा हुए हैं, वे गरीबों को जाति के आधार पर लड़वाना चाहते हैं। कांग्रेस ने दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों के खिलाफ सबसे अधिक अत्याचार किए हैं।"
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस सत्ता में नहीं होने पर जल बिन मछली की तरह हो जाती है और देश को खतरे में डाल देती है। PMमोदी ने अपनी बात समाप्त की, "कांग्रेस भारत के समाज को कमजोर कर अराजकता फैलाने की कोशिश कर रही है, लेकिन हरियाणा के किसानों ने उन्हें करारा जवाब दिया है कि वे देश और भाजपा के साथ हैं।"
Leave a comment