गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गिनाई सरकार की उपलब्धियां, पेश किया 11 महीनों का रिपोर्ट कार्ड

गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गिनाई सरकार की उपलब्धियां, पेश किया 11 महीनों का रिपोर्ट कार्ड

CM Rekha Gupta: गणतंत्र दिवस समारोह में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने भाषण में एक ओर भारत के संविधान निर्माताओं को याद किया, तो वहीं दूसरी ओर दिल्ली सरकार की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं का पिटारा खोल दिया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने संबोधन की शुरुआत डॉ. भीमराव अंबेडकर और संविधान सभा की टीम को नमन करते हुए की। उन्होंने विशेष रूप से जिक्र किया कि यह हमारे 'वंदे मातरम' का 150वां वर्ष है। RSS की स्थापना का यह 100वां वर्ष है, इस अवसर पर उन्होंने डॉ. हेडगेवार को भी याद किया।दिल्ली के इतिहास पर बोलते हुए उन्होंने कहा, "दिल्ली भारत की आत्मा का प्रतिबिंब है। जिन्होंने इसे लूटा, वे खुद गायब हो गए, लेकिन दिल्ली हर बार ज्यादा अच्छी और सम्रद्धि हासिल की।  
 
11 महीने में बदली दिल्ली
 
 मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, "जब हमारी सरकार ने 11 महीने पहले दिल्ली की कमान संभाली, तो हमें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन सबसे बड़ी चुनौती वह धूल और रुकावटें थीं जो सालों से सिस्टम पर जमा हो गई थीं। हमने इस स्थिति को बदलने और दिल्ली को एक नई दिशा देने के लिए कई अहम कदम उठाए हैं। प्रधानमंत्री के 'सबका साथ, सबका विकास' के सिद्धांत के आधार पर हमने पिछले 11 महीनों में लोगों की भलाई के लिए कई फैसले लिए हैं, जिनका मकसद नागरिकों की ज़िंदगी में असली और सकारात्मक बदलाव लाना है।"
 
Ayushman Bharat से लेकर हेल्थ सिस्टम तक बड़ा बदलाव 
 
 
रेखा गुप्ता ने बताया कि उनकी सरकार के पहले ही दिन दिल्ली में आयुष्मान भारत योजना लागू की गई। अब तक 6.5 लाख लोग इस योजना के तहत पंजीकरण करा चुके हैं, जिसमें 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य कवर मिलता है। उन्होंने कहा कि 300 से ज्यादा आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू किए जा चुके हैं और दिल्ली के सभी सरकारी अस्पतालों को डिजिटल किया जा रहा है। साथ ही 4,000 नए डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ के पद सृजित किए गए हैं। 
 
इलेक्ट्रिक बसों से बदलेगा दिल्ली का ट्रांसपोर्ट
 
 इन्फ्रास्ट्रक्चर और ट्रांसपोर्ट को लेकर मुख्यमंत्री ने कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि 2025-26 में दिल्ली का कैपिटल एक्सपेंडिचर बढ़ाकर करीब 30,000 करोड़ रुपये कर दिया गया है। अगले तीन साल में दिल्ली की सभी पब्लिक ट्रांसपोर्ट बसें पूरी तरह इलेक्ट्रिक होंगी और 11,000 ई बसें शामिल की जाएंगी। सभी आईएसबीटी को नए सिरे से विकसित किया जाएगा और दिल्ली मेट्रो के लिए बजट बढ़ाकर 5,000 करोड़ रुपये कर दिया गया है।
 
झुग्गी, गांव और गौशालाओं पर फोकस 
 
मुख्यमंत्री ने बताया कि झुग्गी बस्तियों के विकास के लिए 700 करोड़ रुपये का फंड दिया गया है, जबकि गांवों के विकास पर 1,700 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। दिल्ली में 10 नई गौशालाएं बनाने की तैयारी है, जहां बायो गैस प्लांट और आधुनिक सुविधाएं होंगी। इसके साथ ही सभी सरकारी इमारतों पर सोलर प्लांट लगाए गए हैं ताकि दिल्ली को ग्रीन एनर्जी से जोड़ा जा सके।
 
महिलाओं, गिग वर्कर्स और शिक्षा पर खास जोर
 
 रेखा गुप्ता ने महिलाओं और ट्रांसजेंडर के लिए फ्री बस यात्रा को लेकर पिंक बस कार्ड योजना का जिक्र किया। गिग वर्कर्स को सामाजिक और स्वास्थ्य सुरक्षा देने के लिए गिग वर्कर वेलफेयर बोर्ड के गठन की जानकारी दी। शिक्षा क्षेत्र में 21 प्रतिशत बजट आवंटन, स्कूल फीस बढ़ोतरी पर रोक के लिए बिल और नरेला में 1,300 करोड़ रुपये का एजुकेशन हब विकसित करने की घोषणा भी की गई।
 
खेल, सुरक्षा और 'कोई भूखा न सोए' का संकल्प
 
 मुख्यमंत्री ने बताया कि मुंडका में दिल्ली की पहली इंटरनेशनल स्टैंडर्ड्स वाली दिल्ली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का काम शुरू हो चुका है। खिलाड़ियों को देश में सबसे ज्यादा इनाम देने की नीति अपनाई गई है। अटल कैंटीन में रोज 50,000 से ज्यादा लोग 5 रुपये में खाना खा रहे हैं, जिसे एक लाख तक पहुंचाने का लक्ष्य है। इसके अलावा 10,000 नए सीसीटीवी कैमरे, तिहाड़ जेल को दूसरी जगह शिफ्ट करने की योजना और दिल्ली को साफ, सुरक्षित व समृद्ध बनाने का संकल्प भी दोहराया गया।
 
 
 
 

Leave a comment