
PM Modi In Bokaro: झारखंड में प्रथम चरण के मतदान से पहले सभी राजनीतिक दलों ने प्रचार की गति को बढ़ा दिया हैं। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को बोकारो पहुंचे। बोकारो में उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए हेमंत सोरेन सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि झारखंड में भाजपा के पक्ष में प्रचंड आंधी चल रही है। छोटा नागपुर का ये पठार भी कह रहा है, रोटी-बेटी-माटी की पुकार, झारखंड में भाजपा-NDA सरकार। इसके साथ ही पीएम ने कहा कि भाजपा-NDA का यहां एक ही मंत्र है - हमने झारखंड बनाया है, हम ही झारखंड संवारेंगे। ऐसे लोग कभी झारखंड का विकास नहीं करेंगे, जो झारखंड राज्य के निर्माण के विरोधी रहे हैं। बता दें, 13 नवंबर को झारखंड में पहले चरण का चुनाव होना है। वहीं, 20 नवंबर को महाराष्ट्र और झारखंड में दूसरे चरण का मतदान होना है। 23 नवंबर को परिणाम घोषित किया जाएगा।
कांग्रेस SC/ST/OBC की एकजुटता की घोर विरोधी
पीएम मोदी ने कहा, “कांग्रेस हमेशा से SC/ST/OBC की एकजुटता की घोर विरोधी रही है। आजादी के बाद जब तक SC समाज बिखरा रहा, ST समाज बिखरा रहा, OBC समाज बिखरा रहा, कांग्रेस मजे से केंद्र में सरकारें बनाती रही।लेकिन जैसे ही ये समाज एकजुट हुआ। कांग्रेस फिर पूर्ण बहुमत के साथ केंद्र में अपनी सरकार नहीं बना पाई।”उन्होंने आगे कहा, “1990में OBC समाज को आरक्षण मिला।OBC की अलग-अलग जातियों का संख्या बल एक साथ जुड़ गया, उसके बाद से कांग्रेस आज तक लोकसभा में 250सीटें भी नहीं जीत पाई है।इसलिए कांग्रेस OBC की इस सामूहिक ताकत को तोड़ना चाहती है और इस ताकत को तोड़कर OBC को सैंकड़ों अलग-अलग जातियों में बांट देना चाहती है।“
गोगो दीदी योजना का किया जिक्र
पीएम मोदी ने आगे कहा, “अब झारखंड भाजपा ने यहां 'गोगो दीदी योजना' का वादा किया है। झारखंड की मेरी माताओं-बहनों को ये मोदी की गारंटी है कि सरकार बनने के बाद 'गोगो दीदी योजना' लागू हो जाएगी। इस योजना से हमारी माताओं-बहनों के बैंक खातों में सीधे पैसे जाएंगे।“इसके आगे उन्होंने कहा, “झारखंड के तेज विकास के लिए 'सबका प्रयास' यानी सभी की सामूहिक शक्ति लगनी बहुत जरूरी है। इसलिए आप सभी को कांग्रेस-JMM की एक बहुत बड़ी साजिश से सतर्क रहना है।”
Leave a comment