PM Modi Italy Visit: नरेंद्र मोदी और जिऑर्जीअ मेलोनी की रोम में हुई मुलाकात के बाद भारत और इटली के रिश्तों को नई मजबूती मिली है। दोनों नेताओं ने संयुक्त प्रेस बयान में द्विपक्षीय संबंधों को “विशेष रणनीतिक साझेदारी” के स्तर तक ले जाने की घोषणा की। प्रधानमंत्री मोदी ने इटली में मिले भव्य स्वागत के लिए जॉर्जिया मेलोनी का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि रोम को दुनिया में “Eternal City” यानी शाश्वत शहर कहा जाता है, जबकि उनका लोकसभा क्षेत्र काशी भी अपनी प्राचीन सभ्यता और सांस्कृतिक पहचान के लिए जाना जाता है। पीएम मोदी ने कहा कि जब दो पुरानी सभ्यताएं मिलती हैं तो बातचीत सिर्फ एजेंडे तक सीमित नहीं रहती, बल्कि उसमें इतिहास, भविष्य और दोस्ती की झलक दिखाई देती है।
आतंकवाद को लेकर हुई चर्चा
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में उन्हें कई बार प्रधानमंत्री मेलोनी से मिलने का अवसर मिला है, जो दोनों देशों के मजबूत होते रिश्तों का संकेत है। उन्होंने आतंकवाद को मानवता के लिए बड़ा खतरा बताते हुए कहा कि जिम्मेदार लोकतंत्र सिर्फ आतंकवाद की आलोचना नहीं करते, बल्कि उसके खिलाफ मिलकर कार्रवाई भी करते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि आतंकवाद की फंडिंग रोकने के मुद्दे पर इटली भारत के साथ खड़ा है।
मेलोनी ने की मोदी की तारीफ
वहीं, जॉर्जिया मेलोनी ने प्रधानमंत्री मोदी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में दोनों नेताओं की सात मुलाकातें हो चुकी हैं, जिससे आपसी विश्वास और दोस्ती और मजबूत हुई है। मेलोनी ने कहा कि उन्होंने पीएम मोदी के विजन, नेतृत्व और व्यावहारिक सोच की सराहना करना सीखा है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार में लंबे समय तक रहने के बाद भी मोदी अपने नागरिकों के बीच बेहद लोकप्रिय हैं।
मेलोनी ने इस यात्रा को “ऐतिहासिक” बताते हुए कहा कि 26 साल बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की इटली की द्विपक्षीय यात्रा हुई है। उन्होंने कहा कि इस मुलाकात के जरिए दोनों देशों ने अपने संबंधों को नई दिशा देने और उन्हें अब तक के सबसे ऊंचे स्तर तक पहुंचाने का फैसला किया है।
Also read: तेल-गैस संकट के बीच भारत ने होर्मुज को लेकर कसी कमर, तैयार किया एक्शन प्लान