
IMD Heatwave Alert: मार्च के शुरुआती दिनों में ही उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में गर्मी ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। दिल्ली अब तक की सबसे तेज गर्मी का सामना कर रही है, जहां अधिकतम तापमान सामान्य से 6-8डिग्री सेल्सियस तक ऊपर पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी में ये हालात अगले कुछ दिनों तक बने रहने की संभावना है।
दिल्ली-NCR में तेज धूप का दौर
दिल्ली-NCR में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 34.4डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 7डिग्री अधिक था। न्यूनतम तापमान भी 17डिग्री के आसपास रहा, जो सामान्य से ऊपर है। सुबह 11बजे से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को घर से बाहर निकलने में मुश्किलें पैदा कर दीं। IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले 6-7दिनों तक मौसम गर्म और शुष्क रहेगा। अधिकतम तापमान 35-36डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 17-18डिग्री के बीच बना रहेगा। आसमान साफ रहने से धूप का कहर और बढ़ेगा।
UP-हरियाणा-बिहार में चढ़ा पारा
हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार में भी पारा तेजी से चढ़ा है। इन राज्यों के कई हिस्सों में दिन का तापमान 33-35डिग्री से ऊपर पहुंच गया है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में तापमान में 2-3डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मैदानी इलाकों में गर्मी का असर ज्यादा दिख रहा है, जबकि रातें भी अब पहले की तुलना में कम ठंडी हो गई हैं।
पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी या बारिश
दूसरी तरफ, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में स्थिति अलग है। एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 7से 12मार्च के बीच हिमाचल में हल्की बारिश और बादलों की आवाजाही रह सकती है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर हल्की बर्फबारी या बारिश के आसार हैं। IMD ने इन इलाकों में 7-11मार्च तक हल्की से मध्यम बारिश/बर्फबारी की संभावना जताई है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस साल फरवरी के अंत से ही गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली थी और मार्च में ये ट्रेंड जारी है। उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान सामान्य से 6-12 डिग्री तक अधिक दर्ज हो रहा है। कुछ इलाकों में हीटवेव जैसे हालात बन सकते हैं, खासकर राजस्थान और गुजरात के हिस्सों में। लोगों को सलाह दी जा रही है कि दोपहर के समय बाहर निकलने से बचें, खूब पानी पिएं और धूप से बचाव के उपाय अपनाएं।
Leave a comment