
Mohali School Bomb Threat: पंजाब के मोहाली में बुधवार सुबह कई निजी स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई। इसके बाद पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। स्कूल प्रशासनों ने तुरंत सतर्कता बरतते हुए परिसर खाली करा दिए और बच्चों को सुरक्षित घर वापस भेज दिया। इसके बाद पुलिस ने स्कूलों को बंद कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
स्कूलों को मिली धमकी
धमकी मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने बच्चों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाला। अभिभावकों को मैसेज भेजकर सूचित किया गया कि आज कक्षाएं स्थगित हैं। जिसके बाद मोहाली पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बम निरोधक दस्ता और एंटी-सैबोटेज टीम को तैनात किया। DSP हरसिमरन सिंह बाल ने पुष्टि की कि धमकियां मिली हैं और स्कूल बंद करके गहन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। लेकिन अब तक किसी भी स्कूल परिसर से कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है। हालांकि, जांच अभी भी जारी है।
जानकारी के अनुसार, कम से कम 8 से 10 प्रतिष्ठित निजी स्कूलों को यह धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ। इनमें यादविंद्रा पब्लिक स्कूल (YPS), मानव मंगल पब्लिक स्कूल, रायन इंटरनेशनल स्कूल, शिवालिक पब्लिक स्कूल, पैरागॉन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, लर्निंग पाथ्स स्कूल, जीडी गोयनका और मिलेनियम स्कूल जैसे नाम शामिल हैं।
Leave a comment