
Rahul Gandhi On Congress 140th Foundation Day: भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने आज अपना 140वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर दिल्ली के इंदिरा भवन में ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, संसदीय दल की चेयरपर्सन सोनिया गांधी, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इस मौके पर राहुल गांधी ने कांग्रेस को 'भारत की आत्मा की आवाज' बताते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं।
कांग्रेस का 140वां स्थापना दिवस
बता दें, समारोह की शुरुआत कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा पार्टी ध्वज फहराने से हुई। जहां सोनिया गांधी, राहुल गांधी और अन्य नेताओं की उपस्थिति में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ। पार्टी ने सोशल मीडिया पर लाइव अपडेट साझा किए, जिसमें कार्यकर्ताओं की खुशी साफ तौर पर देखी गई। इस दौरान कांग्रेस ने अपनी 140साल की यात्रा को याद किया, जिसमें स्वतंत्रता संग्राम से लेकर संविधान निर्माण और सामाजिक न्याय की लड़ाई में पार्टी ने अहम भूमिका निभाई।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि कांग्रेस एक विचारधारा है जो कभी मरती नहीं। उन्होंने जोर देकर कहा 'कांग्रेस ने कभी धर्म के नाम पर वोट नहीं मांगे और मंदिरों-मस्जिदों को लेकर नफरत नहीं फैलाई। हम भारत के लोगों की भलाई, सशक्तिकरण और समावेशी विकास के लिए काम करते रहे हैं।' उन्होंने पार्टी की 140साल पुरानी इतिहास को सत्य, अहिंसा, बलिदान और देशभक्ति की गाथा बताया।
राहुल गांधी का संदेश
इस बीच, राहुल गांधी ने भी अपना संदेश साझा किया। उन्होंने कहा 'आज भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के स्थापना दिवस पर हर कांग्रेसजन को हार्दिक शुभकामनाएं। हम उस ऐतिहासिक विरासत और उन महान बलिदानियों को नमन करते हैं जिन्होंने भारत को आज़ादी दिलाई, संविधान की नींव रखी और लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता, सामाजिक न्याय व समानता के मूल्यों को मजबूत किया। कांग्रेस सिर्फ राजनीतिक संगठन नहीं, भारत की आत्मा की आवाज है।' उनका यह बयान पार्टी की वैचारिक गहराई को रेखांकित करता है और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने का काम करता है।
इसके अलावा कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने भी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कांग्रेस दुनिया की सबसे पुरानी और संगठित पार्टी है। उन्होंने पार्टी के मूल्यों, सिद्धांतों और विचारों को पूरे देश में फैलाने की प्रतिबद्धता दोहराई। पार्टी की ओर से जारी बयान में केंद्र सरकार पर निशाना साधा गया, जिसमें कहा गया कि कांग्रेस ने देश को आजादी दिलाई और प्रगति की, जबकि आज सत्ता में बैठे लोग नफरत, अन्याय और दमन फैला रहे हैं। कांग्रेस इनके खिलाफ पूरी ताकत से लड़ रही है।
Leave a comment