UP की राजनीति को बड़ा झटका, सपा विधायक सुधाकर सिंह का 60 वर्ष की आयु में निधन

UP की राजनीति को बड़ा झटका, सपा विधायक सुधाकर सिंह का 60 वर्ष की आयु में निधन

UP NEWS: यूपी से एक बुरी खबर सामने आ रही है। मऊ जिले की घोसी विधानसभा सीट से सपा (समाजवादी पार्टी) के विधायक सुधाकर सिंह का 60वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनकी मौत की पुष्टि समाजवादी पार्टी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर की।

मौत से ठीक दो दिन पहले सुधाकर सिंह को सीने में दर्द हुआ था, जिसके बाद उन्हें लखनऊ के अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया।

सुधाकर सिंह के निधन पर सपा ने दुख व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, “घोसी विधानसभा से समाजवादी पार्टी के विधायक श्री सुधाकर सिंह जी का निधन अत्यंत दुःखद है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें। शोक संतप्त परिजनों को यह असीम दुःख सहने का संबल प्राप्त हो। भावभीनी श्रद्धांजलि।”

घोसी उपचुनाव में भाजपा को सपा ने दी चुनौती

सुधाकर सिंह 2022में घोसी विधानसभा सीट के उपचुनाव में एक प्रमुख चेहरे के रूप में सामने आए थे और भाजपा के दारा सिंह चौहान को कड़ी टक्कर दी थी। इस उपचुनाव में समाजवादी पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भाजपा को परास्त किया था। लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय सुधाकर सिंह को सपा का वरिष्ठ नेता माना जाता था और उनकी जीत ने पूर्वांचल में पार्टी की पकड़ को मजबूत किया था।

सुधाकर सिंह का राजनीतिक सफर और विरासत

मऊ जिले के निवासी सुधाकर सिंह ग्रामीण इलाकों के मुद्दों पर लंबे समय से मुखर रहे। किसान और दलित समुदाय के बीच उनकी लोकप्रियता काफी अधिक थी। उनके निधन के बाद घोसी विधानसभा सीट पर अब नए उपचुनाव की संभावना बढ़ गई है, जो राजनीतिक दलों के बीच फिर से कड़ी टक्कर का केंद्र बन सकता है।

Leave a comment