मेघालय की कोयला खदान में जोरदार विस्फोट, 10 मजदूरों की दर्दनाक मौत

मेघालय की कोयला खदान में जोरदार विस्फोट, 10 मजदूरों की दर्दनाक मौत

Meghalaya Coal Mine Explosion: मेघालय के पूर्वी जैंतिया हिल्स जिले के थांगस्काई गांव में आज एक अवैध कोयला खदान में जबरदस्त विस्फोट हुआ, जिसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। इस हादसे में कम से कम 10 मजदूरों की मौत हो गई है, जो सभी असम के निवासी बताए जा रहे हैं। जबकि 1 व्यक्ति गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है, जिसे शिलांग रेफर किया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, खदान में काम के दौरान डायनामाइट का इस्तेमाल करते समय यह विस्फोट हुआ, जिससे खदान का बड़ा हिस्सा ढह गया और मजदूर उसके नीचे दब गए।

अवैध खनन में विस्फोट

जानकारी के अनुसार, यह घटना थांगस्काई के एक दूरस्थ क्षेत्र में हुई, जहां अवैध खनन लंबे समय से जारी है। स्थानीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि इससे आसपास की पहाड़ियां हिल गईं और मलबे में कई मजदूर फंस गए। अभी तक 10 शव निकाले जा चुके हैं, लेकिन बचाव दल को और पीड़ितों की आशंका है।

बता दें, राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं और बचाव अभियान चला रही हैं। हालांकि, दुर्गम इलाका, मलबा और मौसम की खराबी से कार्य में बाधा आ रही है। अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है और अवैध खनन के दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Leave a comment