
Panchkula Court Bomb Threat:हरियाणा के पंचकूला जिला अदालत में आज सुबह एक धमकी भरा ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया। सेशन जज को प्राप्त इस ईमेल में कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी। जिसके बाद जज ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने तेजी से कार्रवाई शुरू की।
कोर्ट को दी बम से उड़ाने की धमकी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ईमेल में स्पष्ट रूप से कोर्ट को निशाना बनाने की बात कही गई थी, लेकिन कोई समय सीमा या अतिरिक्त जानकारी नहीं थी। इस मामले में पंचकूला की डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने बताया कि धमकी की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कदम उठाए गए। कोर्ट परिसर को पूरी तरह खाली करवाया गया, जिसमें वकील, कर्मचारी और आम जनता शामिल थे। इससे परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया।
सुरक्षा एजेंसियों ने डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ते की मदद से पूरे परिसर की गहन तलाशी ली। हर कमरे, चैंबर और खुले क्षेत्रों की जांच की गई, लेकिन अब तक कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। अधिकारियों ने इसे फिलहाल एक फर्जी धमकी मानते हुए जांच जारी रखी है। साथ ही ईमेल के स्रोत को ट्रेस करने के लिए साइबर टीम को लगाया गया है। पुलिस ने जनता से अपील की है कि ऐसी धमकियों पर घबराएं नहीं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत दें।
Leave a comment