
Bharat Taxi: भारत की पहली को-ऑपरेटिव कैब सर्विस भारत टैक्सी की आधिकारिक शुरुआत हो गई है। दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने इस सेवा को लॉन्च किया। सरकार का कहना है कि भारत टैक्सी पूरी तरह जीरो कमीशन मॉडल पर काम करेगी, यानी ड्राइवरों की कमाई पर कोई कटौती नहीं होगी और पूरी राशि सीधे उनके बैंक खाते में पहुंचेगी।
महिला सुरक्षा का रखा गया ध्यान
सरकार के अनुसार, इस मॉडल से ड्राइवरों को आर्थिक मजबूती मिलेगी और यात्रियों को भी प्राइवेट कैब कंपनियों की मनमानी से राहत मिलेगी। भारत टैक्सी में न तो सर्ज प्राइसिंग होगी और न ही कैंसिलेशन चार्ज का बोझ यात्रियों पर पड़ेगा। साथ ही किसी तरह के हिडन चार्ज भी नहीं लिए जाएंगे। महिला यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए भारत टैक्सी में ‘सारथी दीदी’ नाम की खास सुविधा शुरू की गई है।
इसके तहत महिला यात्री अपनी यात्रा के लिए केवल महिला ड्राइवर को चुन सकेंगी। अभी तक 150 से ज्यादा महिला ड्राइवर इस प्लेटफॉर्म से जुड़ चुकी हैं और आने वाले समय में इनकी संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। आमतौर पर महिलाएं महिला ड्राइवर के साथ ज्यादा सुरक्षित महसूस करती हैं, ऐसे में यह पहल महिला सशक्तिकरण की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।
अमित शाह हुए लॉन्च कार्यक्रम में शामिल
लॉन्च कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने बताया कि भारत टैक्सी ऐप में जल्द ही ‘सारथी दीदी’ के लिए अलग सेक्शन जोड़ा जाएगा। इस सेक्शन में रजिस्ट्रेशन कराने वाली महिला यात्रियों को पिक-अप के लिए सिर्फ महिला ड्राइवर ही उपलब्ध होंगी। उन्होंने यह भी कहा कि ‘सारथी दीदी’ दोपहिया वाहन के जरिए कम किराए में सुरक्षित सफर का विकल्प भी देंगी, जिससे रोजमर्रा की यात्रा में महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी।
SOS अलर्ट की सुविधा
भारत टैक्सी ऐप में SOS अलर्ट की सुविधा दी गई है, जिससे आपात स्थिति में तुरंत मदद मिल सके। फिलहाल दिल्ली-एनसीआर में 8 हेल्पलाइन और हेल्प सेंटर शुरू किए गए हैं। भविष्य में इन्हें देशभर में विस्तार दिया जाएगा। यात्रियों की शिकायतों का समाधान ऐप, वेबसाइट और टोल-फ्री नंबर के जरिए तीन स्तर पर किया जाएगा। इसके साथ ही 24×7 कस्टमर केयर सुविधा भी उपलब्ध होगी।
इन शहरों में हुई शुरुआत
अमित शाह ने बताया कि फिलहाल भारत टैक्सी की शुरुआत गुजरात के कुछ शहरों, दिल्ली और एनसीआर में हुई है। अगले तीन साल से कम समय में यह सेवा पूरे देश में शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। भारत टैक्सी के जरिए ऑटो, कार और बाइक टैक्सी बुक की जा सकती है। इसका आधिकारिक ऐप गूगल प्ले स्टोर और ऐप स्टोर पर Sahakar Taxi Cooperative Limited की ओर से उपलब्ध है।
Leave a comment