
T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) का रुख जल्द बदल सकता है। इस गतिरोध को खत्म करने के लिए रविवार शाम लाहौर में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड, अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के बीच एक अहम त्रिपक्षीय बैठक हुई। इस बैठक में PCB ने अपनी मांगें ICC के सामने साफ तौर पर रखीं।
PCB ने रखी शर्तें
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, PCB ने ICC के सामने तीन मुख्य मांगें रखीं। पहली, भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय क्रिकेट संबंधों को फिर से शुरू किया जाए। दूसरी, पाकिस्तान के लिए ICC से मिलने वाले राजस्व में बढ़ोतरी की जाए। तीसरी, भविष्य में ऐसा कोई मामला दोबारा न हो, जैसा हाल ही में “नो हैंडशेक” को लेकर सामने आया था।
इसके अलावा, डॉन अखबार की रिपोर्ट के अनुसार PCB ने एक अतिरिक्त मांग भी रखी। इसमें बांग्लादेश को टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होने के बावजूद आर्थिक मुआवजा देने की बात कही गई। बैठक में बांग्लादेश के लिए ज्यादा मुआवजा, वर्ल्ड कप से बाहर होने के बाद भी भागीदारी शुल्क और पाकिस्तान को भविष्य में ICC टूर्नामेंट की मेजबानी के अधिकार देने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।
ICC नहीं दे सकता कोई मुआवजा
हालांकि ICC ने साफ किया कि वह बांग्लादेश को अलग से कोई मुआवजा नहीं दे सकता, लेकिन यह जरूर सुनिश्चित करेगा कि ICC की कमाई में बांग्लादेश को उसका पूरा हिस्सा मिले। रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि ICC के डिप्टी चेयरमैन इमरान ख्वाजा ने PCB को सलाह दी कि वह अपने मुद्दों को या तो ICC की मध्यस्थता समिति में उठाए या फिर ICC बोर्ड बैठक में रखे। साथ ही उन्होंने पाकिस्तान से भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार को तुरंत खत्म करने की अपील की और कहा कि यह स्थिति क्रिकेट के लिए ठीक नहीं है।
बैठक में PCB ने BCCI के ICC पर बढ़ते प्रभाव को लेकर भी नाराजगी जताई। PCB का आरोप है कि ICC के बड़े फैसलों पर भारतीय बोर्ड का असर बढ़ता जा रहा है और इससे खेल का राजनीतिकरण हो रहा है। जानकारी के अनुसार भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने का मुख्य कारण बांग्लादेश के समर्थन में लिया गया फैसला था। पाकिस्तान सरकार बांग्लादेश के साथ एकजुटता दिखाना चाहती थी, इसलिए 15 फरवरी को होने वाले भारत-पाक मैच से टीम को दूर रखा गया।
ICC को है उम्मीद
ICC को उम्मीद है कि PCB इस फैसले के लंबे असर को समझेगा, क्योंकि इसका नुकसान पाकिस्तान क्रिकेट के साथ-साथ वैश्विक क्रिकेट को भी हो सकता है। चार घंटे चली इस बैठक के बाद कोई संयुक्त बयान जारी नहीं किया गया। PCB सूत्रों का कहना है कि अंतिम फैसला पाकिस्तान सरकार की मंजूरी के बाद ही सार्वजनिक किया जाएगा।
Leave a comment