NEET UG Re-Exam Date: NEET UG 2026 परीक्षा को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने परीक्षा की नई तारीखों का ऐलान कर दिया है। अब परीक्षा 21 जून को कराई जाएगी। बता दें, ये परीक्षा पहले 3 मई 2026 को आयोजित हुई थी, लेकिन पेपर लीक की गंभीर आशंकाओं के चलते NTA ने NEET-UG 2026 परीक्षा को रद्द कर दिया था। NTA ने सरकार की मंजूरी से यह फैसला लिया है।
क्या है NEET पेपर लीक मामला?
दरअसल, 03 मई को NEET-UG परीक्षा कराई गई, जिसके बाद राजस्थान समेत कुछ इलाकों से पेपर लीक और अनियमितताओं की शिकायतें सामने आईं। परीक्षा से पहले एक ‘गेस पेपर’ का सेट व्हाट्सएप और टेलीग्राम ग्रुप्स के जरिए रिलीज किया गया। इस सेट में 720 में से करीब 600 नंबर के ऐसे प्रश्न शामिल थे, जो एग्जाम के दिन पेपर में पूछे गए थे। जिसके बाद NTA ने इस मामले की जांच केंद्रीय एजेंसियों को सौंपी और अंत में CBI को जांच सौंप दी गई। CBI ने कई लोगों को गिरफ्तार भी किया है।
NTA ने जारी की परीक्षा की नई तारीख
15 मई की सुबह NTA ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर NEET UG परीक्षा से संबंधित एक पोस्ट शेयर किया। इस पोस्ट के अनुसार, 21 जून 2026 को NEET UG की परीक्षा दोबारा कराई जाएगी। NTA ने अपने पोस्ट में लिखा 'भारत सरकार की स्वीकृति से राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने 21 जून 2026, रविवार को NEET (UG) परीक्षा का पुनर्नियोजन निर्धारित किया है।' इसके अलावा NTA ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है।