
Dwarka Road Accident: सोशल मीडिया पर फन रील्स और स्टंट बनाने के चक्कर में दिल्ली के द्वारका इलाके में एक 23वर्षीय साहिल धनेशरा की जान चली गई। यह घटना 03फरवरी को द्वारका सेक्टर-11के लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज के पास हुई, जहां एक 17वर्षीय नाबालिग ने बिना ड्राइविंग लाइसेंस के महिंद्रा स्कॉर्पियो (नंबर UP57BM3057) तेज रफ्तार में चलाते हुए स्टंट किया। इस दौरान स्कॉर्पियो ने साहिल धनेशरा की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे साहिल की मौके पर ही मौत हो गई। स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर एक पार्केड टैक्सी (मारुति डिजायर) और ई-रिक्शा से टकराई, जिसमें टैक्सी चालक घायल हो गया।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस जांच और CCTV फुटेज के अनुसार, आरोपी नाबालिग अक्षत्र सिंह अपनी बहन के साथ स्कॉर्पियो में बैठकर सोशल मीडिया के लिए स्पीड और स्टंट वाली रील्स बना रहा था। वह उल्टी लेन में आया, बस के सामने स्टंट करने लगा और रफ्तार इतनी तेज थी कि साहिल को बचने का मौका नहीं मिला। बताया जा रहा है कि हादसे वाले दिन साहिल ऑफिस जा रहा था और अपनी बाइक (Yamaha YZF R15) पर सवार था। हादसे के बाद स्कॉर्पियो जब्त कर ली गई, मोबाइल फोन बरामद हुए जिनमें रील रिकॉर्डिंग चल रही थी। आरोपी नाबालिग को गिरफ्तार किया गया, लेकिन 10फरवरी को बोर्ड परीक्षा के आधार पर अंतरिम जमानत मिल गई। पुलिस ने बताया कि स्कॉर्पियो पर पहले से 13ओवरस्पीडिंग चालान थे।
मां का दर्द और इंसाफ की गुहार
साहिल की सिंगल मदर इन्ना माकन (Inna Makan) ने सोशल मीडिया पर भावुक वीडियो पोस्ट कर कहा 'मैंने 23साल अकेले अपने इकलौते बेटे को पाला। वह प्रॉपर्टी डीलर था, मेरी दुनिया था। इन रईसजादों के फन रील की वजह से मेरी दुनिया उजड़ गई। यह एक्सीडेंट नहीं, क्राइम है। आरोपी को जमानत मिल गई, लेकिन मेरे बेटे को कौन लौटाएगा?' इन्ना ने सरकार, मीडिया और जनता से अपील की है कि ऐसे स्टंट रील्स पर सख्ती बरती जाए। उन्होंने कहा 'अमीर माता-पिता सोचते हैं कि सड़क उनका प्लेग्राउंड है। मेरे बच्चे की जान ली गई, लेकिन ये गतिविधियां बंद होनी चाहिए।'
पुलिस की कार्रवाई
द्वारका साउथ पुलिस ने IPC की धारा 304A (लापरवाही से मौत), 279 (रैश ड्राइविंग), 337-338 (चोट पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज किया है। फोरेंसिक जांच जारी है। दूसरी तरफ, सोशल मीडिया पर #JusticeForSahil ट्रेंड कर रहा है। लोग रील्स बनाने वालों को लाइक्स के लिए कातिल बता रहे हैं और सरकार से सख्त कानून की मांग कर रहे हैं। कई यूजर्स ने कहा कि नाबालिग को जमानत मिलना गलत है, क्योंकि यह हत्या के समान है।
Leave a comment