
Manish Sisodia On Kejriwal Bungalow: दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले, पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास को लेकर राजनीतिक विवाद तेज़ हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को एक वीडियो जारी कर केजरीवाल के बंगले के इंटीरियर्स को दिखाया और इसे "शीशमहल" करार दिया। भाजपा ने इस पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया, जबकि आम आदमी पार्टी (आप) के नेता मनीष सिसोदिया ने इसका कड़ा विरोध किया और पलटवार किया।
सिसोदिया का पलटवार- भाजपा को स्कूलों की चिंता क्यों नहीं?
भाजपा के हमलों का जवाब देते हुए मनीष सिसोदिया ने कहा, "भा.ज.पा. के पास खुद दिखाने के लिए कोई काम नहीं है, इसलिए वे केजरीवाल के बंगले को मुद्दा बना रहे हैं।" सिसोदिया ने यह भी स्वीकार किया कि बंगले पर कुछ करोड़ रुपये खर्च हुए, लेकिन साथ ही भाजपा से यह सवाल किया कि वे देशभर में स्कूलों की खराब हालत पर क्यों नहीं बोलते। सिसोदिया ने कहा, "भा.ज.पा. वाले गुजरात, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में बच्चों के भविष्य के बारे में कोई सवाल नहीं उठाते, लेकिन हमेशा केजरीवाल के बंगले का मुद्दा उठाते हैं।"
भाजपा का आरोप- कोविड में 42करोड़ का खर्च
भाजपा की सांसद कमलजीत सहरावत ने आरोप लगाया कि कोविड महामारी के दौरान, जब लोग मुश्किलों का सामना कर रहे थे, उस वक्त केजरीवाल के बंगले पर 42करोड़ रुपये खर्च किए गए। उन्होंने इसे दिल्ली की जनता के पैसे का भ्रष्टाचार बताया और कहा कि इस समय में इतनी बड़ी रकम बंगले पर खर्च करना शर्मनाक है। सहरावत ने इसे मुकेश अंबानी के घर से तुलना करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी को इस पर शर्म आनी चाहिए।
राजनीतिक घमासान बढ़ने की संभावना
दिल्ली विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र यह राजनीतिक घमासान और बढ़ने की संभावना है। भाजपा जहां केजरीवाल के बंगले पर हमला कर रही है, वहीं आम आदमी पार्टी इसे भाजपा की चुनावी रणनीति मानती है, जो उनकी विकास योजनाओं और अन्य मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए की जा रही है। अब यह देखना होगा कि दिल्ली की जनता इस मुद्दे पर किसे सही ठहराती है और क्या यह चुनावी नतीजों को प्रभावित करेगा।
Leave a comment