कौन होगा महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री? देवेंद्र फडवीस के सिर सजेगा ताज या सरप्राइज करेगी BJP

Maharashtra New CM: महाराष्ट्र में महायुति सरकार बनने और एकनाथ शिंदे के सीएम की उम्मीदवारी से पीछे हटने के बाद ये तो तय हो गया है कि इस बार मुख्यमंत्री भारतीय जनता पार्टी का ही होगा। सीएम की कुर्सी पर देवेंद्र फडणवीस की दावेदारी सबसे मजबूत मानी जा रही है। इसे लेकर बीजेपी के भीतर मंथर का दौर जारी है।
अमित शाह के साथ सीक्रेट मीटिंग
सूत्रों की मानें तो कल यानी बुधवार देर रात दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े के बीच एक अहम बैठक हुई। लगभग 40 मिनट तक चली इस बैठक में महाराष्ट्र में सरकार के गठन को लेकर बातचीत हुई। साथ ही इस बात पर भी मंथन किया गया कि किस तरह से महायुति में शामिल दलों के साथ समन्वय और मराठा समुदाय को नाराज किए बिना सरकार का गठन किया जाए।
हालांकि, गठबंधन में सबसे अधिक सीटें मिली बीजेपी ने ही जीती हैं। इसलिए मुख्यमंत्री के पद को लेकर तस्वीर लगभग साफ है। आज या फिर एक से दो दिन में पार्टी की ओर से देवेंद्र फडणवीस को मुख्यमंत्री बनाए जाने का औपचारिक ऐलान कर दिया जाएगा।
अमित शाह से मिलेंगे महायुति के तीनों नेता
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री के नाम का औपचारिक ऐलान महायुति के तीनों नेताओं की दिल्ली में अमित शाह से होने वाली मीटिंग के बाद किया जाएगा। इसलिए सभी की नजरें दिल्ली में होने वाली इस अहम मीटिंग पर टिकी हुई हैं। आज होने वाली इस अहम मीटिंग में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के नाम पर चर्चा होगी और इसके बाद महायुति इसकी घोषणा करेगी।
तीसरी बार शपथ लेंगे देवेंद्र फडणवीस?
अगर देवेंद्र फडणवीस के नाम पर सहमति बनती है तो यह तीसरी बार होगा जब वह मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालेंगे। फडणवीस 2019 में पांच दिन तक सीएम रहे थे। इससे पहले वह साल 2014 में पहली बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बने थे।
Leave a comment