
Jabalpur Flyover: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी 23अगस्त को जबलपुर में राज्य के सबसे बड़े और आधुनिक फ्लाईओवर का उद्घाटन करने जा रहे है। यह फ्लाईओवर जो मदनमहल से दमोह नाका तक फैला हुआ है, न केवल यातायात को सुगम बनाएगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सुविधाओं के लिए एक मिसाल भी कायम करेगा।
फ्लाईओवर की विशेषताएं
जानकारी के अनुसार, यह फ्लाईओवर लगभग 1052करोड़ रुपये की लागत से बना है। जो 6.855किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर मध्य प्रदेश का सबसे लंबा फ्लाईओवर है। इसकी तकनीकी विशेषताओं में 192मीटर लंबा सिंगल स्पान केबल-स्टे ब्रिज शामिल है, जो रेल मार्ग के ऊपर बनाया गया है। इसके अलावा परियोजना में तीन बो-स्ट्रिंग ब्रिज भी शामिल हैं, जो रानीताल और बलदेवबाग क्षेत्रों में बनाए गए हैं। ये सभी स्टील से निर्मित हैं और प्रत्येक की लंबाई लगभग 70मीटर है।
बता दें, यह फ्लाईओवर जबलपुर की यातायात व्यवस्था को नया आयाम देगा। पहले मदनमहल से दमोह नाका तक की यात्रा में 40-45मिनट लगते थे, लेकिन अब यह दूरी मात्र 6-8मिनट में तय की जा सकेगी। इससे समय और ईंधन की बचत होगी और शहर में प्रदूषण का स्तर भी कम होगा। फ्लाईओवर पर 10स्थानों पर दिशा सूचक बोर्ड लगाए गए हैं, जो यात्रा को और सुगम बनाएंगे।
पर्यावरण के प्रति समर्पण
इस फ्लाईओवर की सबसे खास बात इसका पर्यावरण और सामुदायिक सुविधाओं के प्रति समर्पण है। इस फ्लाईओवर के नीचे लगभग 50,000 पौधों का रोपण किया गया है, जो शहर के हरित आवरण को बढ़ाएगा और प्रदूषण नियंत्रण में मदद करेगा। इसके साथ ही, फ्लाईओवर के नीचे की जगह को सामुदायिक गतिविधियों का केंद्र बनाने के लिए बास्केटबॉल कोर्ट, ओपन जिम, और बच्चों के लिए पार्क विकसित किए गए हैं। ये सुविधाएं न केवल मनोरंजन और खेलकूद को बढ़ावा देंगी, बल्कि शहरवासियों के लिए एक नया सामाजिक मंच भी प्रदान करेंगी।
Leave a comment