1500 करोड़ के नशीले पदार्थ को किया गया नष्ट, उपराज्यपाल ने की दिल्ली पुलिस की तारीफ

1500 करोड़ के नशीले पदार्थ को किया गया नष्ट, उपराज्यपाल ने की दिल्ली पुलिस की तारीफ

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में नशे का कारोबार बड़ी तेजी से फल फूल रहा है, यां यूं कहें तो शायद गलत नहीं होगा कि आज की युवा पीढ़ी के नसों में नशा दौड़ रहा है। हालांकि इस पर अंकुश लगाने के लिए दिल्ली पुलिस भी लगातार प्रयासरत है। इसी फेहरिस्त में दिल्ली पुलिस ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत दिल्ली के उपराज्यपाल की उपस्थिति में नशीले पदार्थों को नष्ट करने की प्रक्रिया को शुरू किया गया।

इस मौके पर दिल्ली के उपराज्यपाल के अलावा दिल्ली पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा सहित दिल्ली पुलिस के अन्य कई आला अधिकारी भी मौजूद रहे। सबकी मौजूदगी में ड्रग्स को एक भट्टी के अंदर जलाया गया सबसे पहले नशीले पदार्थ के बैग को दिल्ली के उपराज्यपाल ने भट्टी के अंदर डाला। दरअसल बुधवार 21 दिसंबर को दिल्ली के इतिहास में पहली बार नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत दिल्ली पुलिस की अलग अलग टीमों द्वारा पकड़े गए करीब 2900 किलो नशीले पदार्थों को डिस्पोज किया गया। इस नशे की खेप की कीमत 1500 करोड़ रूपए के करीब बताई जा रही है। इस नशे की खेप में चरस, गांजा, कोकेन, हेरोइन एलएसडी व अन्‍य नार्को-साइकोट्रोपिक पदार्थ शामिल हैं।

दिल्ली के उपराज्यपाल विनय सक्सेना ने इसे दिल्ली पुलिस का अब तक का ऐतिहासिक कदम बताया. उपराज्यपाल ने कहा कि यह ना केवल नशे के कारोबार पर कड़ा प्रहार होगा, बल्कि इससे नशा तस्करों पर भी लगाम लगाई जा सकेगी. उपराज्यपाल ने इस कदम पर दिल्ली पुलिस के प्रयासों की भी जमकर सराहना की.

Leave a comment