
नई दिल्ली: संभल में हिंसा प्रभावित इलाके का आज नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा दौरा करने की तैयारी में हैं। राहुल और प्रियंका गांधी ने हिंसा में मारे गए लोगों के परिजनों से मुलाकात करने के इरादे से जा रहे हैं। हालांकि, स्थानीय प्रशासन ने 10 दिसंबर तक संभल में नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं की एंट्री को बैन कर दिया गया है।
राहुल और प्रियंका गांधी के दौरे पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा, "राहुल और प्रियंका बुधवार को स्थिति का जायजा लेने और पीड़ितों से मिलने के लिए संभल पहुंच सकते हैं। प्रभारी महासचिव अविनाश पांडे ने कहा, "राहुल गांधी का संभल जाने का कार्यक्रम है। इस यात्रा का मकसद इलाके में सद्भाव और भाईचारा पैदा करना है। वे पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेंगे। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय, मैं और अन्य पार्टी सांसद उनके साथ जाएंगे। प्रियंका गांधी भी आ रही हैं।
अलर्ट पर पुलिस-प्रशासन
राहुल और प्रियंका दौर को देखते हुए यूपी पुलिस अलर्ट पर है। दोनों नेताओं को दिल्ली बॉर्डर यानी गाजीपुर पर ही रोका जा सकता है। संभल के जिला मजिस्ट्रेट (SM) राजेंद्र पेंसिया ने कहा, "एक जांच आयोग शहर में हिंसा के पीछे की वजहों की जांच कर रहा है। उनके 10 दिसंबर तक यहां रहने और बड़ी तादाद में लोगों से मिलने की उम्मीद है। हम इस अवधि के दौरान बाहर से किसी भी राजनेता या सामाजिक कार्यकर्ता को यहां आने की छूट नहीं दे सकते। यह शांति और सद्भाव के हित में है।
Leave a comment