
L.K. Advani Admitted: बुधवार देर रात भाजपा के दिग्गज नेता और देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। जिसके बाद आनन फानन में उनको रात 10 बजे दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया। आज सुबह लाल कृष्ण आडवाणी की सेहत का हाल जानने के लिए स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने एम्स के डायरेक्टर एम श्रीनिवास से फोन पर बात की।
इसके साथ ही एम्स कैंपस के गेट और प्राइवेट वार्ड के गेट की दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है। दिल्ली एम्स में एडमिट लालकृष्ण आडवाणी को देखने और उनका हाल चाल लेने कई वीआईपी पहुंच सकते हैं इसलिए सुरक्षा बढ़ाई गई है। सूत्रों के अनुसार, 96 साल के लालकृष्ण आडवाणी बुढ़ापे से जुड़ी परेशानी से जूझ रहे हैं। अस्पताल ने आडवाणी के हेल्थ पर अपडेट जारी करते हुए कहा है कि उनकी हालत स्थिर है और उनको ऑब्जरवेशन में रखा गया है।
भारत रत्न से किए जा चुके हैं सम्मानित
31 मार्च को लालकृष्ण आडवाणी को राजनीति में उनका लंबा योगदान देने के लिए उनको भारत रत्न से सम्मानित किया गया था। उस दौरान भी तबीयत खराब होने के कारण वो राष्ट्रपति भवन नहीं पहुंच पाए थे। इसके पहले उनको साल 2015 में पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था। भाजपा के वरिष्ठ नेता आडवाणी ने तीन बार भाजपा के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाली है। वो देश के सातवे उप प्रधानमंत्री भी रहे। साल 2002 से लेकर साल 2004 तक उन्होंने उप प्रधानमंत्री का कार्यभार संभाला। इसके साथ ही वो लंबे समय तक गृह मंत्री के पद भी रहे। आडवाणी साल 1998 से लेकर साल 2004 तक गृह मंत्री रहे।
RSS से की राजनीतिक करियर की शुरूआत
लाल कृष्ण आडवाणी ने अपने राजनीतिक करियर की शुरूआत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जरिए की। इसके बाद उन्होंने राम मंदिर के आंदोलन में अहम भूमिका निभाई। आडवाणी का नाम भाजपा की नींव रखने वाले नेताओं में भी शामिल है। लाल कृष्ण आडवाणी गांधीनगर की सीट से 7 बार के लोकसभा सांसद रहे हैं इसके साथ ही नो 4 बार राज्यसभा के सांसद भी चुने गए हैं। साल 2014 में आडवाणी ने आखिरी बार गांधीनगर सीट से लोकसभा चुनाव लड़ा था जिसमें उनकी जीत हासिल हुई। इसके बाद खराब सेहत के वजह से चुनाव नहीं लड़ा।
Leave a comment