कंझावला कांड: लड़ाई के बाद स्‍कूटी से साथ निकली थीं लड़कियां, होटल मैनेजर ने किया बड़ा दावा

कंझावला कांड: लड़ाई के बाद स्‍कूटी से साथ निकली थीं लड़कियां, होटल मैनेजर ने किया बड़ा दावा

नई दिल्ली: कंझावला कांड को लेकर जांच को आगे बढ़ा रही पुलिस के लिए गुत्‍थी उलझती जा रही है। हाल ही में सामने आए सीसीटीवी फुटेज में पता चला कि घटना के वक़्त स्कूटी पर दो लड़कियां सवार थी। इस मामले में अब नया खुलासा हुआ है। जिसके मुताबिक, एक्सीडेंट से पहले लड़कियां जिस होटल से निकली थीं, उनकी वहां लड़ाई हुई थी। 
 
होटल मैनेजर ने बताई कहानी
 
होटल के मैनेजर के मुताबिक, दोनों लड़कियां शनिवार की शाम 7:30 बजे के करीब होटल में आई थीं। और देर रात करीब 1:15 बजे के वह होटल से निकलीं। होटल मैनेजर ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि दोनों लड़कियों से कुछ दोस्‍त मिलने आए थे। कमरे में लड़ाई हो रही थी जिसके बाद स्‍टाफ ने बाहर कर दिया। नीचे आने के बाद भी दोनों लड़कियां लड़ती रहीं। 
 
उन्होंने कहा, जब नीचे पहुंची लड़कियों को आस-पड़ोस वालों ने रोका तो वे स्‍कूटी पर बैठकर चली गईं। मैनेजर के अनुसार, लड़कियां लड़ाई करते हुए गाली-गलौज कर रही थीं। वहीं होटल स्‍टाफ ने बताया कि उन्‍होंने ड्रिंक कर रखी थी। दोनों लड़-झगड़ कर चली गईं। दिल्‍ली पुलिस को घटना से जुड़े 6-7 सीसीटीवी फुटेज मिले हैं। अलग-अलग फुटेज में स्‍कूटी पर दोनों लड़कियां और बलेनो कार नजर आ रही है।
 
ये है घटना 
 
दिल्ली के कंझावला इलाके में 1 जनवरी को सड़क किनारे नग्न अवस्था में एक लड़की का शव बरामद हुआ था। शव के कई हिस्से बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुए थे। पुलिस का दावा है कि कार सवार युवकों ने रास्ते में स्कूटी सवार लड़की को टक्कर मारी और उसको कई किलोमीटर तक घसीटा। पुलिस को स्कूटी घटनस्थल से कुछ दूरी पर मिली।
 
स्कूटी के नंबर से पुलिस ने मृतक लड़की की पहचान की। वहीं आरोपियों ने अपने बयान में बताया कि वह नशे में थे। इसलिए एक्सीडेंट के बाद लड़की का पैर गाड़ी में फंसा है, उनको पता ही नहीं चला। लेकिन जब पता चला, तब तक लड़की की मौत हो चुकी थी। ऐसे में वे डरकर शव को सड़क पर छोड़कर भाग गए। 

Leave a comment