Kanjhawala Case: अंजलि के आरोपियों पर चलेगा हत्या का केस, जोड़ी जाएगी IPC की धारा 302

Kanjhawala Case: अंजलि के आरोपियों पर चलेगा हत्या का केस, जोड़ी जाएगी IPC की धारा 302

Anjali Death Case:  दिल्ली के कंझावला में कई किलोमीटर तक घसीटे जाने के बाद मारी गई अंजलि की मौत के मामले को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। मामले में आरोपियों पर हत्या के तहत केस चलेगा। दिल्ली पुलिस की स्पेशल कमिश्नर शालिनी सिंह की अध्यक्षता वाली कमेटी की ओर से केंद्रीय गृह मंत्रालय (Union Home Ministry) को रिपोर्ट सौंपी गई। इस रिपोर्ट के आधार पर गृह मंत्रालय ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। 
 
जानकारी के मुताबिक, गृह मंत्रालय ने रिपोर्ट के आधार पर कंझावला केस के आरोपियों के खिलाफ FIR में IPC की धारा 302 (हत्या) जोड़कर आगे की जांच का आदेश दिया है। इसके साथ ही दिल्ली पुलिस को जल्द से जल्द आरोप पत्र दाखिल करने को कहा है ताकि आरोपियों को सख्त से सख्त सजा मिल सकते। 
 
पुलिस पर भी एक्शन
 
गृह मंत्रालय ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को रास्ते में पड़ने वाली 3 पीसीआर और 2 पिकेट पर तैनात पुलिसकर्मियों को तत्काल सस्पेंड करने के भी आदेश दिए हैं। मंत्रालय से मिली जानकारी के मुताबिक, सीनियर पुलिस अधिकारी शालिनी सिंह की रिपोर्ट में सबकी लापरवाही पाई गई है। इस रिपोर्ट के आधार पर गृह मंत्रालय ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को कड़े निर्देश जारी किए हैं।
 
मंत्रालय से मिली जानकारी के मुताबिक, रिपोर्ट में यह बात भी सामने आई है कि इस एरिया को सुपरवाइज करने वाले पुलिस अधिकारियों ने मामले को सही तरीके से नहीं संभाला है। एरिया के डीसीपी को भी कारण बताओ नोटिस जारी करने की बात की गई है। अगर उनका जवाब संतोषजनक नहीं आता है या जवाब नहीं मिलता है तो उनके खिलाफ नियमों के मुताबिक एक्शन लिया जाए। 
 
गृह मंत्रालय की ओर से दिल्ली पुलिस कमिश्नर को निर्देश जारी किए गए हैं कि इस मामले में आरोपियों के खिलाफ जल्द ही कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की जाए। यह भी निर्देश दिए गए हैं कि पुलिस की ओर से इस केस को पूरी मुस्तैदी के साथ लड़ा जाए।

Leave a comment