'दोस्त से मांगी गाड़ी, पी हुई थी शराब' कंझावला कांड की कहानी आरोपियों की जुबानी

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी के कंझावला इलाके में हुए कांड को लेकर जैसे-जैसे पुलिस की कार्रवाई आगे बढ़ रही है वैसे-वैसे नए खुलासे हो रहे हैं। जारी अपडेट के मुताबिक, जिस वक़्त लड़की का एक्सीडेंट हुआ उस वक़्त स्कूटी पर उसकी दोस्त भी मौजूद थी। वहीं अब गिरफ्तार पांच आरोपी में से 2 दीपक खन्ना और अमित खन्ना ने पुलिस को घटना से जुड़ी जानकारियां दी।
कार मालिक को दी हादसे की जानकारी
पुलिस पूछताछ में आरोपी दीपक ने पुलिस को बताया कि उसने अमित के साथ मिलकर अपने एक दोस्त से कार मांगी थी। दोस्त के पास से वह 31 दिसंबर की शाम 7:00 बजे कार लेकर आए थे। शनिवार-रविवार दरमियान रात हुए इस हादसे के बाद उन्होंने कार 1 जनवरी की सुबह 5 बजे अपने घर के पीछे खड़ी कर दी। इसके साथ ही बीती रात हुए इस हादसे के बारे में कार मालिक यानी अपने दोस्त को जानकारी भी दी।
घटना के वक्त पी हुई थी शराब
कार मालिक दोस्त को बताया कि उन्होंने एक स्कूटी सवार लड़की को टक्कर मार दी है। उन्होंने दोस्त को यह भी बताया कि लड़की को टक्कर मारने के बाद वह लोग मौके से फरार हो गए। इसके बाद वह लोग कंझावला पहुंचे। पुलिस पूछताछ में उन्होंने यह भी माना कि घटना के वक़्त उन लोगों ने शराब पी हुई थी। पुलिस ने भी FIR में इसका जिक्र किया है।
कौन चला रहा था कार?
दीपक ने बताया कि हादसे के वक्त वह खुद कार चला रहा था। वहीं एक अन्य आरोपी मनोज मित्तल कार में दीपक के साथ आगे ही बैठा था। मनोज मित्तल वही शख्स है जिसके बीजेपी नेता होने का दावा किया जा रहा है। मनोज सुल्तान पुरी में ही राशन डिपो चलाता है। हादसे के समय अन्य आरोपी मिथुन कुमार, अमित खन्ना पिछली सीट पर बैठे हुए थे।
दीपक और अमित ने पुलिस को बताया कि घटनास्थल से फरार होने के बाद उन लोगों ने कार को कंझावला में जोंटी गांव के पास रोका। जहां उन्हें ये पता लगा कि लड़की उनकी कार में ही फंसी हुई है। इसके बाद उन्होंने लड़की को कार से अलग किया और फरार हो गए।
1 जनवरी को मिला शव
दिल्ली के कंझावला इलाके में 1 जनवरी को सड़क किनारे नग्न अवस्था में एक लड़की का शव बरामद हुआ था। शव के कई हिस्से बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुए थे। पुलिस का दावा है कि कार सवार युवकों ने रास्ते में स्कूटी सवार लड़की को टक्कर मारी और उसको कई किलोमीटर तक घसीटा। पुलिस को स्कूटी घटनस्थल से कुछ दूरी पर मिली।
स्कूटी के नंबर से पुलिस ने मृतक लड़की की पहचान की। वहीं आरोपियों ने अपने बयान में बताया कि वह नशे में थे। इसलिए एक्सीडेंट के बाद लड़की का पैर गाड़ी में फंसा है, उनको पता ही नहीं चला। लेकिन जब पता चला, तब तक लड़की की मौत हो चुकी थी। ऐसे में वे डरकर शव को सड़क पर छोड़कर भाग गए।
Leave a comment