
Jharkhand Assembly Election 2024: झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर नेताओं की जुबानी जंग जारी है। इस बीच, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने हेमंत सोरेन सरकार पर गंभीर आरोप लगाया है। हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जहां रुके हुए थे। वहां झारखंड पुलिस ने छापेमारी की लेकिन उन्हें कुछ नहीं मिला। ये राजनीति से प्रेरित छापा है। रांची के एसपी को बाद में इसके लिए जवाब देना पड़ेगा।
वहीं, झारखंड विधानसभा चुनावों पर असम के सीएम सरमा ने कहा कि पहले चरण में चुनाव अच्छा हुआ है। दूसरे चरण में मौसम और खुल गया है। उन्होंने कहा कि मैं उम्मीद करता हूं कि धनबाद, संथाल परगना हर जगह से हम बहुत व्यापक रूप से जीतेंगे। इस बार भाजपा पूर्ण बहुतम की सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि इस बार झारखंड में हमें भव्य सरकार बनानी है।'
राहुल गांधी पर भी निशाना
इसके अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को देवघर की चुनाव रैली में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश की सबसे पुरानी पार्टी के नेता राहुल गांधी वादे करते हैं और विदेश चले जाते हैं। जबकि भारतीय जनता पार्टी अपनी हर गारंटी पूरा करने का काम करती है। देवघर जिले के मधुपुर में जनसभा को संभोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि झारखंड विधानसभा चुनाव विधायक, मुख्यमंत्री या सरकार बदलने के लिए नहीं, बल्कि युवाओं एवं गरीबों के भविष्य को संवारने तथा भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए हैं।
अमित शाह ने उठाया घुसपैठियों का मुद्दा
अमित शाह ने आगे कहा कि घुसपैठिये न केवल आदिवासियों के लिए, बल्कि नौकरियां छीनकर और अपराध को बढ़ावा देकर राज्य के युवाओं के लिए भी खतरा पैदा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड उच्च न्यायालय ने घुसपैठियों की पहचान करने और उन्हें निर्वासित करने का निर्देश दिया था। केंद्र ने इस पर फैसले पर अमल करने के लिए तैयारी है लेकिन, हेमंत सोरेन सरकार तैयार नहीं है।
Leave a comment