Azamgarh News: उत्तर प्रदेश के एक जनपद में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम ने सरायमीर थाने में तैनात उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद पूरे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। मामला ग्राम गंगापुर, थाना बिलरियागंज निवासी अवनीश कुमार राय की शिकायत से जुड़ा है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह एक केस से उनका नाम हटाने के बदले उनसे 20 हजार रुपये की मांग कर रहे थे।
टीम ने तय की योजना
शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने मामले की प्रारंभिक जांच की और शिकायत सही पाए जाने पर ट्रैप की योजना तैयार की। शुक्रवार को टीम ने सरायमीर थाना क्षेत्र के दक्षिणी गेट के पास सड़क किनारे जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार, जैसे ही शिकायतकर्ता अवनीश कुमार राय ने आरोपी उपनिरीक्षक को 20 हजार रुपये की रिश्वत दी, एंटी करप्शन टीम ने तुरंत कार्रवाई की। स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
छापेमारी के दौरान आरोपी के पास से पूरी 20 हजार रुपये की रिश्वत राशि बरामद कर ली गई। इसके बाद एंटी करप्शन टीम ने उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह को हिरासत में ले लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई ने पुलिस विभाग में भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
लगातार जारी रहेगा अभियान
इस पूरे ऑपरेशन में एंटी करप्शन टीम के कई अधिकारियों ने अहम भूमिका निभाई। टीम में निरीक्षक संतोष कुमार दीक्षित (ट्रैप प्रभारी), निरीक्षक आनंद कुमार वर्मा, निरीक्षक कमलेश कुमार पासवान, उपनिरीक्षक मुर्ताजिर हुसैन खान सहित अन्य सदस्य शामिल थे। एंटी करप्शन टीम ने कहा है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी सरकारी कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि कानून के खिलाफ जाने वालों पर अब सख्त नजर रखी जा रही है।
Also read: गाजियाबाद के झुग्गियों में भीषण आग, कई झोपड़ियां जलकर खाक, इलाके में अफरा-तफरी