
नई दिल्ली: देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 14 हजार के पार हो गई है. 45 जिलों में पिछले 14 दिनों से कोई कोरोना संक्रमण का मरीज नहीं मिला है. कोरोना वायरस पर खुश करने वाली बात यह है कि कोरोना वायरस के अब तक 1919 मामले ठीक हो चुके है. बता दें कि यह जानकारी केन्द्रीय मंत्रालयों ने प्रेस वार्ता करते हुए दी. स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि पिछले 24 घंटों के दौरान 43 लोग अपनी जान भी गंवा बैठे है. दिल्ली में कोरोना के 70 प्रतिशत मामले तब्लीगी जमात से जुड़े हुए है.
संयुक्त सचिव ने जानकारी दी कि भारत में कोरोना वायरस की वजह से मौत की दर 3.3 फीसदी के आस पास है. 14.4 फीसदी मौत 0 से 45 साल के लोगों की हुई है. वहीं 45-60 उम्र के लोगों में 10.3 फीसदी, 60-75 उम्र के लोगों में 33.1 फीसदी और 75 से ज्यादा उम्र के लोगों में 42.2 फीसदी मौत हुई है. इसके साथ ही उन्होंने बताया कि 12 राज्यों के 22 जिलों में पिछले 14 दिनों में कोरोना वायरस का कोई मामला सामने नहीं आया है.
स्वास्थ्य मंत्रालय ने प्रेस को संबोधित करते हुए बताया कि देश के कुल संक्रमण का 29.84 फीसदी मामला तब्लीगी ज़मात से जुड़ा है. दिल्ली में तब्लीगी जमात से जुड़े 63 फीसदी, तमिलनाडु में 84 फीसदी, तेलंगाना में 79 फीसदी, यूपी में 59 फीसदी, आंध्र प्रदेश में 61 फीसदी, असम में 91 फीसदी और अंडमान निकोबार में 83 फीसदी मामले हैं. भारत में तब्लीगी जमात से जुड़े अब तक 4291 केस हैं.
दूसरी ओर, गृह मंत्रालय ने जानकारी देते हुए बताया कि विदेशी नागरिक जो भारत में फंसे और वीजा खत्म हो गया है उनका वीजा 3 मई तक मुफ़्त में बढ़ाया जाएगा. उन्होंने कहा कि सभी राज्यों ने हेल्पलाइन स्थापित कर दिए हैं. गृह मंत्रालय की हेल्पलाइन 1930 और 1944 सेवाएं प्रदान कर रहा है. 112 भी आपातकालीन सेवा के तौर पर काम कर रहा है. सभी को सुरक्षित उनके देश पहुंचाना यह भारत का फर्ज है. भारत कभी भी अपनी जिम्मेदारी से विमुख नहीं होगा.
Leave a comment