
New President Of Tamil Nadu BJP:तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव नज़दीक हैं। ऐसे में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इस बीच बीजेपी ने अपने नए प्रदेश अध्यक्ष का ऐलान कर दिया है। बीजेपी विधायक नयनार नागेंद्रन को तमिलनाडु भाजपा इकाई का नया अध्यक्ष बनाया गया है। उनकी नियुक्ति से पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं में उत्साह है।
बता दें कि, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने नागेंद्रन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में पार्टी और मज़बूत होगी। अन्नामलाई ने कहा, “हमें अपना लक्ष्य और रास्ता दोनों साफ है। हम 2026के चुनाव में सबसे मज़बूत NDA गठबंधन के साथ उतरेंगे और DMK को सत्ता से हटाएंगे।”
नयनार नागेंद्रन की नियुक्ति: प्रक्रिया और चुनौती
अन्नामलाई को 2021में प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। उनका कार्यकाल जुलाई में समाप्त हुआ। इसके बाद भाजपा नए अध्यक्ष की तलाश में जुट गई। शुरू से ही नयनार नागेंद्रन, वनाथी श्रीनिवासन और कुछ अन्य नेताओं के नाम चर्चा में थे।
इसी दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने नागेंद्रन को दिल्ली बुलाया और चर्चा की। इसके बाद उनके नाम को लेकर अटकलें तेज हो गईं। नागेंद्रन के सामने एक नियम से जुड़ी चुनौती भी थी। चुनाव अधिकारी चक्रवर्ती ने बताया कि अध्यक्ष बनने के लिए उम्मीदवार का 10साल का प्राथमिक सदस्य होना जरूरी है, और कम से कम 3साल तक सक्रिय काम किया हो।
नागेंद्रन 2016में भाजपा में शामिल हुए थे। यानी उन्हें पार्टी में 8साल ही हुए हैं। इसके बावजूद चुनाव अधिकारी ने कहा कि अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व करेगा और नागेंद्रन को चुनाव लड़ने की अनुमति मिल सकती है। नामांकन की आखिरी तारीख गुरुवार शाम 4बजे थी। तब तक किसी और ने नामांकन दाखिल नहीं किया। इससे तय हो गया कि नागेंद्रन सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुने जाएंगे।
नयनार नागेंद्रन को मिला प्रमाण पत्र, बने 13वें प्रदेश अध्यक्ष
गुरुवार शाम 4बजे वनागरम के श्रीवारी विवाह भवन में भाजपा की बैठक हुई। यहां नयनार नागेंद्रन के नाम की आधिकारिक घोषणा की गई। उन्हें प्रदेश अध्यक्ष का प्रमाण पत्र सौंपा गया। अब वे तमिलनाडु भाजपा के 13वें अध्यक्ष बन गए हैं।
पार्टी को उम्मीद है कि नागेंद्रन के नेतृत्व में तमिलनाडु में भाजपा और मजबूत होगी और चुनाव में अच्छे नतीजे मिलेंगे।
Leave a comment