
Kolkata Accident: कोलकाता के टैंगरा इलाके में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के छह सदस्य प्रभावित हुए। तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जबकि घर के अंदर तीन शव मिले हैं। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है कि यह आत्महत्या है या कोई साजिश।
बता दें कि, घटना की शुरुआत तब हुई जब कोलकाता के रूबी इलाके में एक तेज रफ्तार कार मेट्रो के पिलर से टकरा गई। हादसे में प्रणय डे, उनके भाई प्रसून और 16वर्षीय एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। जब पुलिस ने घायलों से पूछताछ की, तो मामला और उलझ गया।
घर के अंदर तीन महिलाओं के शव बरामद
प्रणय डे ने पुलिस को बताया कि यह सिर्फ एक सड़क हादसा नहीं, बल्कि आत्महत्या की कोशिश थी। लेकिन इसके बाद जो खुलासा हुआ, उसने पुलिस को भी चौंका दिया। प्रणय ने बताया कि उनके घर में पहले ही तीन लोगों की मौत हो चुकी है।
इस जानकारी के बाद पुलिस तुरंत टैंगरा स्थित उनके घर पहुंची। मुख्य दरवाजे पर ताला लगा हुआ था। दरवाजा तोड़कर जब पुलिस अंदर दाखिल हुई, तो वहां का नजारा भयावह था। घर में तीन महिलाओं के शव पड़े थे। मृतकों में प्रणय डे की पत्नी और परिवार की दो अन्य महिलाएं शामिल थीं, जिनमें एक नाबालिग भी थी। घर में खून के निशान भी मिले, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया।
हत्या या आत्महत्या? पुलिस जांच में जुटी
कोलकाता पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह सामूहिक आत्महत्या थी या किसी गहरी साजिश का हिस्सा।
फिलहाल, घटनास्थल पर जांच टीम मौजूद है। अस्पताल में भर्ती घायलों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस वीडियो और लिखित बयानों के आधार पर साक्ष्य जुटा रही है। क्या यह पारिवारिक विवाद था, कोई आर्थिक तंगी थी या फिर कोई और वजह? इन सभी सवालों के जवाब खोजने में पुलिस जुटी हुई है।
Leave a comment