मुर्शिदाबाद में वक्फ कानून पर भड़का गुस्सा, प्रदर्शनकारियों ने की पत्थरबाजी; वाहनों में लगाई आग

मुर्शिदाबाद में वक्फ कानून पर भड़का गुस्सा, प्रदर्शनकारियों ने की पत्थरबाजी; वाहनों में लगाई आग

Bengal Murshidabad Protest Against Waqf Bill: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के जंगीपुर इलाके में शुक्रवार को वक्फ संशोधन विधेयक के खिलाफ प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया। बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरे। उन्होंने वक्फ कानून के खिलाफ नारेबाजी की और सड़क जाम करने की कोशिश की।

पुलिस ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की, तो प्रदर्शनकारियों से झड़प हो गई। माहौल तेजी से बिगड़ गया। कुछ ही देर में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस वाहनों को आग के हवाले कर दिया। कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई और पुलिस पर पथराव भी हुआ।स्थिति को काबू में लाने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े और लाठीचार्ज करना पड़ा।

घायलों की संख्या बढ़ी, इलाके में तनाव और सुरक्षा बढ़ाई गई

इस झड़प में कई लोगों के घायल होने की खबर है। इनमें कुछ पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।

प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। वहीं प्रदर्शनकारियों ने साफ किया है कि जब तक वक्फ संशोधन विधेयक वापस नहीं लिया जाता, उनका विरोध जारी रहेगा।

राजनीतिक हमले शुरू, अमित मालवीय का ममता सरकार पर निशाना

इस हिंसक प्रदर्शन पर भाजपा आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया है।मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर लिखा, “पश्चिम बंगाल फिर से आग में जल रहा है।मुर्शिदाबाद में मुस्लिम भीड़ वक्फ अधिनियम के विरोध में सड़कों पर है।ममता बनर्जी ने बंगाल के बड़े हिस्से पर नियंत्रण खो दिया है।अवैध घुसपैठ और जनसांख्यिकीय बदलाव ने राज्य प्रशासन को पंगु बना दिया है।अब ममता सिर्फ वोट की आस में गिड़गिड़ा रही हैं।उन्हें 2026में जाना ही होगा।”

यह घटना न केवल राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है, बल्कि आने वाले चुनावों से पहले राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है।

Leave a comment